व्हाइट हाउस के पास फायरिंग से हड़कंप, सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध ढेर; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा चेकपॉइंट पर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 24 May 2026 07:34:47 AM (IST)Updated Date: Sun, 24 May 2026 09:10:11 AM (IST)
वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस सुरक्षा पर हमला, ट्रंप अंदर मौजूद थे (फोटो क्रेडिट- रॉयटर)HighLights
- सीक्रेट सर्विस ने जवाबी फायरिंग की
- संदिग्ध व्यक्ति की मौके पर मौत हुई
- एक राहगीर गोलीबारी में घायल हुआ
डिजिटल डेस्क। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस के पास एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। व्हाइट हाउस के पश्चिमी गेट के नजदीक स्थित सुरक्षा चेकपॉइंट पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने अचानक तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई
अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति ने चेकपॉइंट पर पहुंचते ही करीब दो से तीन राउंड फायरिंग की। इसके बाद वहां मौजूद सीक्रेट सर्विस एजेंट्स और अन्य सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई।
राहगीर घायल, व्हाइट हाउस में लॉकडाउन
इस गोलीबारी की घटना में एक राहगीर भी घायल हुआ है। घटना के तुरंत बाद व्हाइट हाउस को लॉकडाउन कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर काउंटर-स्नाइपर्स को आसपास की इमारतों की छतों पर तैनात किया और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
घटना के समय अंदर थे डोनाल्ड ट्रंप
अधिकारियों ने पुष्टि की कि घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। हालांकि, उन्हें और उनके परिवार को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा। सुरक्षा स्थिति सामान्य होने के बाद कुछ समय में लॉकडाउन हटा लिया गया।