
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए करीब दो दशक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा।
'Cap 278 signing off' कैप्शन के साथ किए गए इस एलान में रहाणे ने टेस्ट, वनडे और टी-20, तीनों प्रारूपों से संन्यास लेने की जानकारी दी। उनके फैसले के बाद क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने उन्हें सफल करियर के लिए शुभकामनाएं दीं। इस बीच उनकी कुल संपत्ति, आय के स्रोत और लग्जरी लाइफस्टाइल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजिंक्य रहाणे की अनुमानित कुल संपत्ति 80 से 85 करोड़ रुपये (करीब 10 मिलियन डॉलर) है। उनकी आय का प्रमुख स्रोत क्रिकेट रहा है। इसके अलावा वे कई बड़ी कंपनियों के ब्रांड एंडोर्समेंट से भी अच्छी कमाई करते हैं। रहाणे बीसीसीआई के बी-ग्रेड केंद्रीय अनुबंध का हिस्सा भी रह चुके हैं, जिसके तहत उन्हें सालाना तीन करोड़ रुपये की रिटेनर फीस मिलती रही है।
रहाणे को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी बड़ी रकम मिली। 2016-17 और 2017-18 सीजन के दौरान उनकी बोली 8 करोड़ से 9.5 करोड़ रुपये तक पहुंची थी। आईपीएल से हुई कमाई का भी उनकी कुल संपत्ति में महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है।