
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आज के समय में पैसा कमाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है कि कमाए हुए पैसे का सही प्रबंधन किया जाए। वित्तीय योजना का मतलब केवल पैसे बचाना नहीं होता है। बल्कि अपनी आय, खर्च, बचत और निवेश को सही तरीके से व्यवस्थित करना होता है।
यह कहना है कर सलहाकार सीए आशीष कीमती का। उन्होंने बताया कि एक अच्छी वित्तीय योजना हमें भविष्य की जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक परेशानियों से बचने में मदद करती है। हर व्यक्ति के जीवन में कुछ बड़े लक्ष्य होते हैं। जैसे बच्चों की पढ़ाई, घर खरीदना, वाहन लेना, परिवार की सुरक्षा और रिटायरमेंट के बाद आरामदायक जीवन जीना शामिल है। इन सभी लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पहले से योजना बनाना जरूरी होता है।
वित्तीय योजना का सबसे पहला कदम बजट बनाना है। हमें यह समझना चाहिए कि हमारी आय कितनी है और खर्च कहां-कहां हो रहा है। सही बजट बनाने से अनावश्यक खर्चों को कम किया जा सकता है और बचत बढ़ाई जा सकती है। जीवन में कभी भी अचानक मेडिकल खर्च या कोई आपात स्थिति आ सकती है। इसलिए इमरजेंसी फंड बनाना जरूरी है, जिससे कठिन समय में आर्थिक परेशानी कम हो सके।
इसके साथ ही बीमा भी वित्तीय योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वास्थ्य और जीवन बीमा परिवार को अचानक आने वाली आर्थिक समस्याओं से सुरक्षा प्रदान करते हैं। बचत के साथ-साथ निवेश करना भी जरूरी है। पैसे को सही जगह निवेश करने से समय के साथ धन बढ़ सकता है। इसके लिए एसआइपी, म्यूचुअल फंड, एफडी, गोल्ड जैसे विकल्पों का उपयोग किया जा सकता है।
रिटायरमेंट प्लानिंग भी बहुत महत्वपूर्ण है, ताकि नौकरी या काम के बाद भी व्यक्ति आर्थिक रूप से स्वतंत्र रह सके। वहीं टैक्स प्लानिंग से कानूनी तरीकों से टैक्स बचाने में मदद मिलती है। अच्छी वित्तीय योजना हमें कर्ज से बचाती है। छोटी-छोटी सही आदतें जैसे नियमित बचत, सोच-समझकर खर्च और सही निवेश भविष्य को मजबूत बना सकते हैं। इसलिए याद रखें कि पैसा कमाना जरूरी है, लेकिन पैसे को सही दिशा देना उससे भी ज्यादा जरूरी है।