Gold Silver Rate Today: 9 मार्च को सिल्वर 4 हजार रुपये सस्ती, सोना में 1800 रुपये लुढ़का
मिडिल ईस्ट तनाव, मजबूत डॉलर और महंगे कच्चे तेल के बीच सोमवार को सोना-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई। विशेषज्ञों ने बाजार में फिलहाल तेज उतार-चढ़ाव ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Mar 2026 12:57:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Mar 2026 12:57:32 PM (IST)
सोना चांदी के भाव में लगातार कमी आ रही है। (फाइल फोटो)HighLights
- एमसीएक्स पर सोना 1800 रुपये से ज्यादा टूटा
- चांदी में 4000 रुपये से अधिक की गिरावट
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड-सिल्वर दबाव में
बिजनेस डेस्क। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता के बीच सोमवार को सोना और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स पर दोनों कीमती धातुएं गिरावट के साथ खुलीं।
सुबह के कारोबार में सोना 1800 रुपये से अधिक और चांदी करीब 4000 रुपये से ज्यादा टूट गई। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से सोने-चांदी पर दबाव देखने को मिला। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव के कारण फिलहाल कीमतों में अस्थिरता बनी रह सकती है।
एमसीएक्स पर सोना-चांदी में तेज गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार को अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 10 ग्राम के भाव 1,61,634 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 2,68,285 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। सोमवार को बाजार खुलते ही दोनों धातुओं में गिरावट देखने को मिली। सुबह करीब 10 बजे सोना 1,251 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,383 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह चांदी 4,433 रुपये टूटकर 2,63,852 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड करीब 1.7 प्रतिशत गिरकर 5,082 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.4 प्रतिशत गिरकर 5,099 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण अन्य मुद्राओं के निवेशकों के लिए सोना महंगा हो गया, जिससे मांग कमजोर पड़ी। वहीं स्पॉट सिल्वर करीब 2.2 प्रतिशत गिरकर 82.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
गिरावट के पीछे ये प्रमुख वजहें
विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमत 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हुई है। इससे निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ रही है, जिसके चलते निवेशकों ने सोने में मुनाफावसूली शुरू कर दी।
निवेशकों के लिए क्या है सलाह
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर इंडेक्स, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक वित्तीय बाजारों की अनिश्चितता के कारण सोना-चांदी की कीमतों में फिलहाल तेज उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हालांकि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए गिरावट के दौरान चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर रणनीति मानी जा रही है।