
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण जोखिम से बचने का माहौल फिर से बनने के कारण निवेशकों की बुलियन मार्केट में रुचि कम देखी जा रही है। जिससे अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट लगातार नीचे की ओर जा रहा है और सोना खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है।
पिछले कुछ दिनों से रिकार्ड ऊंचाई पर चल रहे कीमती धातुओं के दाम में अब नरमी देखने को मिल रही है। इंटरनेशनल मार्केट में उतार-चढ़ाव और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते घरेलू बाजार में गुरुवार को भी सोने में मंदी जारी रही। गुरुवार को कामेक्स पर सोना वायदा घटकर 70 डालर घटकर 4095 डालर प्रति औंस रह गया।
इसके चलते इंदौर में भी सोना केडबरी 800 रुपये और टूटकर 145700 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं कामेक्स पर चांदी वायदा 15 सेंट सुधरकर 64.05 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
हालांकि इसका भारतीय बाजारों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। गुरुवार को इंदौर में चांदी चौरसा बुधवार के बंद भाव 235500 रुपये प्रति किलो पर ही स्थिर रहा।
ज्वेलर्स का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच नए हमलों के कारण कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें कम हो गईं, जिससे ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी, महंगाई का दबाव और मॉनेटरी टाइटनिंग (ब्याज दरें बढ़ाने) की संभावना को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।
चीन के केंद्रीय बैंक ने सोना जमा करने की अपनी रणनीति जारी रखी और लगातार 19वें महीने अपने भंडार को बढ़ाकर 74.96 मिलियन फाइन ट्रॉय औंस कर दिया।
कामेक्स वायदा पर सोना 4095 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 4117 डॉलर और नीचे में 4023 डालर प्रति औंस और चांदी 64.05 डालर तक जाने के बाद ऊपर में 64.65 डालर और नीचे में 61.43 डालर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
सोना केडबरी रवा नकद में 145700, सोना आरटीजीएस में 144200 (जीएसटी अतिरिक्त), सोना 22 कैरेट 132200 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) है। बुधवार को सोना 146500 रुपये पर बंद हुआ। चांदी चौरसा 235500, चांदी आरटीजीएस 238000 चांदी टंच 236000 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2720 रु. प्रति नग बिका। बुधवार को चांदी 235500 रु. पर बंद हुई थी।