
नईदुनिया प्रतिनिधि,इंदौर। चांदी की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में जोरदार तेजी देखी जा रही है। वैश्विक स्तर पर मंगलवार को चांदी में करीब 6 प्रतिशत की रैली देखी गई। चांदी में 110 डालर प्रति औंस के उच्चस्तर को भी पार कर लिया है। दरअसल ट्रंप की नीतियां सेफ हेवन डिमांड को बनाए हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अब साउथ कोरिया की वस्तुओं और आयात पर भारी टैरिफ की धमकी दी है।
वैश्विक स्तर पर कारोबारी संकट बढ़ता दिख रहा है। इससे निवेशकों की धारणा सावरेन बांड और करेंसी के प्रति भी कमजोर हुई है। वैश्विक स्तर पर मंगलवार को चांदी में 112.58 डालर प्रति औंस पर कारोबार हुआ। भारतीय रुपये के साथ अमेरिकी डालर भी कमजोर पड़ा है।
इसके चलते भी निवेशक कीमती धातुओं में पैसा लगा रहे हैं। अगले हफ़्ते फेडरल रिज़र्व द्वारा ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखने की उम्मीदों के साथ-साथ साल के आखिर में दो संभावित रेट कट की मार्केट प्राइसिंग ने कीमती धातुओं को और सपोर्ट दिया।
सप्लाई के मोर्चे पर, चीनी चांदी का स्टाक एक दशक के निचले स्तर पर आ गया है, जिससे बढ़ते निर्यात और लंदन वाल्ट होल्डिंग्स में बढ़ोतरी के बावजूद वैश्विक लिक्विडिटी के बारे में नई चिंताएं पैदा हुई हैं।इस सबके असर से इंदौर सराफा में मंगलवार को चांदी के दाम में करीब 20 हजार रुपये की तेजी देखी गई।
देखा जाए तो दो दिनों से सराफा में कामकाज नहीं हुआ था लिहाजा शनिवार के बाद सीधे मंगलवार को नए भाव खोले गए हैं। इंदौर में चांदी चौरसा बढ़कर 3,45000 रुपये प्रति किलो बोली गई।
सोने में भी तेजी का दौर जारी रही। सोने के भाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 5000 डालर प्रति औंस के पार पहुंच गए हैं। इंदौर सराफा में सोना केडबरी (24 कैरेट) करीब 2700 रुपये बढ़कर नकद भाव 1,64700 रुपये प्रति दस ग्राम बोला गया। हालांकि जेवराती सोना (22कैरेट) के दाम स्थिर बने रहे।
कामेक्स वायदा- सोना वायदा बढ़कर 5087 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 5100 डॉलर और नीचे में 5002 डॉलर प्रति औंस और चांदी 112.58 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 113.41 डालर और नीचे में 102.65 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।