_m.webp)
बिजनेस डेस्क। रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी Jio Platforms की लिस्टिंग के मौके पर ईशा अंबानी ने निवेशकों और ग्राहकों से कहा कि जियो आपने बनाया है। जियो की कामयाबी का श्रेय उन करोड़ों ग्राहकों को जाता है, जिन्होंने इसे अपने घरों, दुकानों और जिंदगी का हिस्सा बनाया है।
ईशा अंबानी ने कहा, "कुछ दिन पहले रात के खाने पर मेरे पिता, श्री मुकेशभाई अंबानी, साल 1977 के अपने दिनों को याद कर रहे थे। उस समय वह 20 साल के थे और रिलायंस के पहले पब्लिक ऑफरिंग पर काम कर रहे थे।
मेरे दादाजी, श्री धीरूभाई अंबानी ने रिलायंस को लोगों तक ले जाने का फैसला किया था। सिर्फ अमीर निवेशकों तक नहीं, बल्कि आम लोगों तक। मेरे पिता मुस्कुराए और बोले कि वह कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि श्रीकृष्ण का आशीर्वाद इस सफर को इतनी दूर तक ले जाएगा। मेरे पिता ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन असंभव को संभव बनाने में लगा दिया।"
ईशा ने कहा, "मेरे दादाजी का मानना था कि इस देश में हर व्यक्ति, चाहे उसकी शुरुआत कितनी भी साधारण क्यों न हो, भारत की तरक्की में हिस्सेदार बनने का हकदार है। सिर्फ दर्शक बनकर नहीं, बल्कि मालिक बनकर। इसलिए उन्होंने आम परिवारों से उन पर भरोसा करने को कहा। लोगों ने अपनी बचत और अपने सपनों के साथ उन पर भरोसा किया। मेरे दादाजी ने अपना सपना लोगों के हाथों में सौंपा था। आज आपने अपने भविष्य का एक हिस्सा हमारे हाथों में सौंपा है।"
ईशा कहती हैं, "जियो की नींव मेरे पिता के उन सिद्धांतों पर रखी गई है, जिनमें सबसे पहले ग्राहक के लिए वास्तविक मूल्य तैयार करना और उसके बाद मजबूत कमाई हासिल करना शामिल है। यही हमारा धर्म है।"
ईशा ने अंत में कहा, "मेरे पिता ने बार-बार ऐसा भविष्य देखा है, जिसे दूसरे लोग उस समय देख भी नहीं पाए थे।उन्होंने बार-बार वह सब बनाने का साहस दिखाया, जिसे दूसरे लोग असंभव कहते थे। बार-बार करोड़ों भारतीयों को उनकी सोच और उनके विजन में नई संभावनाएं और नई महत्वाकांक्षाएं मिली हैं। अलग-अलग उद्योग, अलग-अलग दशक, लेकिन भारत में वही भरोसा और यह अटूट विश्वास कि हमारा सबसे अच्छा दौर अभी आना बाकी है और यह तो बस शुरुआत है।"
ये सब सुनकर मुकेश अंबानी भावुक होते नजर आएं।
यह भी पढ़ें- Jio Success Story: ईशा अंबानी की एक शिकायत से हुई थी जियो की शुरुआत, जानें पूरी कहानी
बता दें कि Jio प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ बीएसई और एनएसई पर 21 फीसदी से कुछ ज्यादा प्रीमियम के साथ ₹1,358 के भाव पर लिस्ट हुआ है।