NHAI का 'क्लीन टॉयलेट पिक्चर चैलेंज': टोल प्लाजा पर वाशरूम गंदा मिला तो फोटो अपलोड करने पर मिलेगा 1000 रुपये का FASTag क्रेडिट
इस अभियान के तहत यदि आपको किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर गंदा या अस्वच्छ वाशरूम मिलता है, तो आप केवल उसकी तस्वीर अपलोड करके एक हजार रुपये...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 02:26:14 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 02:27:09 PM (IST)
मुरैना के छौंदा टोल प्लाजा फाइल फोटो।HighLights
- 30 जून 2027 तक बढ़ाई गई योजना की अवधि
- 'राजमार्ग यात्रा' ऐप से ऐसे दर्ज कराएं शिकायत
- 2026 में 400 से अधिक यात्री उठा चुके हैं लाभ
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को लंबी दूरी के सफर के दौरान अक्सर लोगों को टोल प्लाजा पर बने पब्लिक वाशरूम का उपयोग करना पड़ता है। हालांकि अधिकांश जगहों पर साफ-सफाई की स्थिति दयनीय होने के कारण यात्रियों विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के स्थायी समाधान और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक अनोखी पहल शुरू की है।
NHAI ने अपने लोकप्रिय क्लीन टायलेट पिक्चर चैलेंज की अवधि को आगे बढ़ा दिया है। इस संबंध में NHAI ने इंटरनेटनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी है। इस अभियान के तहत यदि आपको किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल प्लाजा पर गंदा या अस्वच्छ वाशरूम मिलता है, तो आप केवल उसकी तस्वीर अपलोड करके एक हजार रुपये तक का फास्टेग क्रेडिट हासिल कर सकते हैं।
30 जून 2027 तक रहेगी योजना
एक्स पर पोस्ट सूचना के मुताबिक यात्रियों के ज़बरदस्त रिस्पान्स को देखते हुए क्लीन टायलेट पिक्चर चैलेंज की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 जून 2027 कर दिया गया है। प्राधिकरण का मानना है कि आम जनता की इस भागीदारी से टोल प्लाजा पर मौजूद वाशरूमों की निगरानी सीधे यात्रियों के हाथों में आ गई है। इससे टोल संचालकों पर स्वच्छता बनाए रखने का नैतिक और प्रशासनिक दबाव बनेगा, जिससे राजमार्गों पर यात्रा का अनुभव और अधिक सुखद व हाइजीनिक बनेगा।
कैसे दर्ज करें शिकायत और पाएं एक हजार रुपये का फास्टेग क्रेडिट
- राजमार्ग यात्रा एप डाउनलोड करें: सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में एनएचएआई का आधिकारिक राजमार्ग यात्रा एप खोलें।
- जियो-टैग फोटो अपलोड करें: गंदे वाशरूमों की स्पष्ट जियो-टैग फोटो खींचकर एप पर अपलोड करें।
- आवश्यक विवरण दर्ज करें: फोटो के साथ अपना नाम, सही लोकेशन, मोबाइल नंबर और अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। आपकी शिकायत दर्ज होते ही एनएचएआई की टीम मामले की त्वरित जांच करेगी। शिकायत सही पाए जाने पर आपके वाहन से जुड़े फास्टेग खाते में एक हजार रुपये का फास्टेग क्रेडिट ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
यात्री उठा चुके हैं इस योजना का लाभ
एनएचएआइ के आंकड़ों के मुताबिक, स्वच्छता को बढ़ावा देने वाली यह पहल बेहद सफल साबित हो रही है। चालू वर्ष 2026 में अब तक 429 यात्री गंदे वाशरूम की सही शिकायत दर्ज कराकर एक हजार रुपये का फास्टेग क्रेडिट हासिल कर चुके हैं। यदि आप भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर कर रहे हैं और अव्यवस्था देखते हैं, तो केवल मूकदर्शक न बनें शिकायत दर्ज करें और स्वच्छता अभियानों में भागीदार बनें।