Ratlam Sarafa : गिरावट का भूचाल, दो लाख के अंदर आई चांदी, सोना में भी आ रही बड़ी गिरावट, निवेशकों की फूली सांसें
नौ माह पहले तेजी के तूफान और अब तूफानी गिरावट से सराफा में भूचाल आ गया है। ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले चारों खाने चित हो गए हैं। एमसीएक्स पर चांदी 1.92 लाख तक नीचे आ गई है तो सोना भी अप्रत्याशित रूप से 1.41 लाख रुपये के स्तर पर आ गया है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 11:34:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 11:34:32 AM (IST)
ज्वेलर्स पर आभूषण पसंद करती हुईं महिलाएं। -प्रकाश कुमावतHighLights
- हाजर में चांदी 198500 और सोना 144300 रुपये के आसपास
- ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले चारों खाने चित हो गए हैं
- सोना भी अप्रत्याशित रूप से 1.41 लाख रुपये के स्तर पर आ गया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : नौ माह पहले तेजी के तूफान और अब तूफानी गिरावट से सराफा में भूचाल आ गया है। ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले चारों खाने चित हो गए हैं। एमसीएक्स पर चांदी 1.92 लाख तक नीचे आ गई है तो सोना भी अप्रत्याशित रूप से 1.41 लाख रुपये के स्तर पर आ गया है।
चांदी ऑल टाइम हाई से 55-60 फीसद से भी अधिक टूट चुकी है, वहीं सोना में 30 से 35 प्रतिशत तक गिर चुका है। भारी गिरावट के बाद भी त्योहारी सीजन में सराफा में कामकाज आशानुरूप नहीं है। जरूरी खरीदी करने वाले अभी भी और तेज गिरावट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चार लाख पार जाने वाली चांदी अब 1.98 लाख रुपये प्रतिकिलो और 1.82 लाख के पार जाने वाला सोना अब 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।
त्योहारी सीजन में भी कामकाज सुस्त है
![naidunia_image]()
तूफानी तेजी में सोना-चांदी आमजन की पहुंच से कोसों से दूर हो गए थे, लेकिन अब भारी गिरावट से निम्न और मध्यम वर्गीय परिवार काफी राहत महसूस कर रहे हैं। उधर, ऊंचे भाव पर खरीदी करने वालों का सब्र का बांध टूटता जा रहा है। फिर भी बाजार में न तो बिकवाली निकल रही है और न ही बड़ी खरीदारी। त्योहारी सीजन में भी कामकाज सुस्त है।
चांदी अब हाजर में करीब 1.97 से 1.99 लाख और सोना 1.44 से 1.45 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ चुके हैं। शुक्रवार को एमसीएक्स पर सोना 141806 से 142980 रुपये के बीच कारोबार करते देखा गया। चांदी 192800 से 198320 रुपये के बीच कारोबार करती देखी गई। बिल कारोबार में सोना 145000 और चांदी 198500 रुपये रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पाट गोल्ड 3986.84 से 4132.55 डालर और स्पाट सिल्वर 53.4670 से 54.7395 डालर के बीच कारोबार करते देखे गए। जनवरी 2026 की तुलना में वर्तमान में चांदी करीब 2.02 लाख और सोना करीब 38 हजार रुपये तक नीचे आ चुका है।
गिरावट की मुख्य वजह
- मजबूत अमेरिकी डालर : अंतरराष्ट्रीय बाजार में डालर की मजबूती के कारण सोना और चांदी महंगे हो गए हैं। इससे इनकी वैश्विक मांग पर असर पड़ा है।
- अमेरिकी ब्याज दरें और बांड यील्ड : अमेरिका में ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की उम्मीदों और 10 साल की ट्रेजरी यील्ड में तेजी के कारण निवेशक सोने-चांदी से पैसा निकालकर ऐसे विकल्पों की तरफ रुख कर रहे हैं, जहां बेहतर रिटर्न मिलता हो (चूंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता)।
- कच्चे तेल की कीमतें : कच्चे तेल के दाम (ब्रेंट क्रूड 110 डालर प्रति बैरल के ऊपर) बढ़ने से वैश्विक स्तर पर महंगाई का खतरा बढ़ा है। इससे फेडरल रिजर्व द्वारा सख्त मौद्रिक नीति जारी रखने की आशंका है।
- प्राफिट बुकिंग (मुनाफा वसूली) : पिछले रिकार्ड स्तरों के बाद निवेशकों और बड़े फंड्स द्वारा की गई भारी मुनाफा वसूली और सोने के ईटीएफ से निकासी ने कीमतों पर दबाव डाला है।
- मजबूत भारतीय रुपया : घरेलू स्तर पर रुपये में मजबूती और आयात शुल्क के बदलावों का असर भी सोने-चांदी की कीमतों पर देखा गया है।
भविष्य को लेकर विशेषज्ञों का अनुमान
- सोने का अनुमान : बैंक ऑफ अमेरिका (बीओएफए) की रिपोर्ट के अनुसार करेक्शन के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरकर 3700 डालर प्रति औंस के स्तर तक आ सकता है। इसका असर भारतीय बाजार में भी दिखेगा और यह एक लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास या उससे नीचे भी जाने की संभावना जताई गई है। वर्तमान में एमसीएक्स पर सोना लगभग 1.43 लाख से 1.46 लाख प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार कर रहा है।
- चांदी का अनुमान : चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और आने वाली तिमाहियों में यह औसतन 63 डालर प्रति औंस के आसपास रहने का अनुमान है। घरेलू बाजार में चांदी अभी करीब 1.93 लाख से 1.98 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास है और औद्योगिक मांग सुस्त रहने पर इसमें और अस्थिरता आ सकती है।