
बिजनेस डेस्क। देश के दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी की लीडरशिप में रिलायंस का रिटेल कारोबार लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। रिलायंस रिटेल वेंचर्स की सब्सिडियरी कंपनी रिलायंस ब्रांड्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कमाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी का रेवेन्यू 3.77 प्रतिशत बढ़कर 3,390.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इसके साथ ही कंपनी के घाटे में भी बड़ी कमी आई है और यह घटकर 137.04 करोड़ रुपये रह गया है।
रिलायंस ब्रांड्स के इन वित्तीय नतीजों की जानकारी कंपनी की तरफ से रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) के पास दाखिल दस्तावेजों से सामने आई है। गौरतलब है कि रिलायंस ब्रांड्स की पैरेंट कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स है, जो खुद रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी है और इसकी कमान ईशा अंबानी संभालती हैं। रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड रणनीतिक साझेदारी, ब्रांड ओनरशिप और रिटेल ऑपरेशंस के जरिए भारतीय बाजार में दुनिया के बड़े फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड्स का कारोबार करती है।
कारोबारी सूचना मंच 'टॉफलर' के वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, रिलायंस ब्रांड्स ने इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में ऑपरेशंस से 3,267.66 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 237.12 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था।
कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि डिस्क्रिशनरी कंजम्पशन सेक्टर में काम करते हुए वह भारत के एक संपन्न ग्राहक वर्ग की जरूरतों को पूरा करती है, जिसमें अनुमानित 1.2 से 1.5 करोड़ उपभोक्ता शामिल हैं। इसके अलावा, रिलायंस ब्रांड्स ने भारतीय बाजार में कदम रखने वाले प्रमुख वैश्विक लग्जरी और लाइफस्टाइल ब्रांडों के लिए खुद को सबसे पसंदीदा साझेदार के रूप में स्थापित कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जियो यूजर्स की बल्ले-बल्ले! कंपनी ने पेश किए 4 नए किफायती रिचार्ज प्लान्स, मिलेगा अनलिमिटेड कॉलिंग और डेली डेटा