Speed Post New Rules: 1 अगस्त से बदल गए स्पीड पोस्ट के नियम; जानें डाक्यूमेंट, पार्सल की नई परिभाषा और शुल्क
यदि आप भी अगस्त महीने में कोई जरूरी दस्तावेज या सामान भेजने की योजना बना रहे हैं, तो इन नए नियमों और दरों को ध्यान में रखकर ही अपनी बुकिंग कराएं।
Publish Date: Wed, 29 Jul 2026 12:13:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 29 Jul 2026 12:14:07 PM (IST)
एआई से बना चित्र।HighLights
- क्या डाक्यूमेंट है और क्या पार्सल?
- रिटेल ग्राहकों के लिए नई दरें
- बल्क कस्टमर्स को मिलेगी राहत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। यदि आप भी अपने जरूरी कागजात जैसे पैन कार्ड, पासपोर्ट, चेकबुक या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा पर भरोसा करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जुलाई का महीना खत्म होते ही एक अगस्त से स्पीड पोस्ट के नियमों और दरों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
डाक विभाग ने भ्रम की स्थिति को समाप्त करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि एक अगस्त से किन चीजों को डाक्यूमेंट श्रेणी में रखा जाएगा और किन्हें पार्सल माना जाएगा। इसके साथ ही बल्क और रिटेल ग्राहकों के लिए नई दरें भी लागू की जा रही हैं। यदि आप भी अगस्त महीने में कोई जरूरी दस्तावेज या सामान भेजने की योजना बना रहे हैं, तो इन नए नियमों और दरों को ध्यान में रखकर ही अपनी बुकिंग कराएं।
किसे माना जाएगा डाक्यूमेंट और किसे पार्सल
- डाक्यूमेंट की श्रेणी में: बैंकिंग, वित्तीय सेवा और इंश्योरेंस से जुड़े सभी दस्तावेज, चेकबुक, पासबुक, बैंक स्टेटमेंट, वेलकम किट, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन व वोटर आईडी जैसे पहचान पत्र तथा 500 ग्राम तक के राखी लिफाफों को डाक्यूमेंट माना गया है।
- पार्सल की श्रेणी में: डाक्यूमेंट्स के अलावा भेजी जाने वाली अन्य सभी वस्तुएं पार्सल की श्रेणी में आएंगी। इनमें इलेक्ट्रानिक सामान, मोबाइल फोन, कपड़े, उपहार आदि शामिल हैं।
रिटेल ग्राहकों के लिए तय हुईं नई दरें
- 50 ग्राम तक: पूरे भारत में कहीं भी भेजने के लिए 94 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके अलावा लोकल या अदर स्लैब में 50 ग्राम तक का शुरुआती चार्ज 38 रुपये रहेगा।
- 51 से 250 ग्राम तक: डिलीवरी के लिए 118 से 154 रुपये तक का भुगतान करना होगा।
- 251 से 500 ग्राम तक: भारी आर्टिकल्स के लिए शुल्क 140 से 186 रुपये के बीच रहेगा।
- 48 घंटे वाली विशेष स्पीड पोस्ट: इसके लिए दूरी के हिसाब से 61 से 121 रुपये प्रति आर्टिकल तक का चार्ज निर्धारित किया गया है।
बल्क ग्राहकों के लिए विशेष राहत
- 24 घंटे वाली स्पीड पोस्ट सेवा के लिए कान्ट्रैक्ट वाले ग्राहकों को 38 से 100 रुपये प्रति आर्टिकल देना होगा।
- वहीं 48 घंटे वाली सेवा के लिए बल्क ग्राहकों को 48 से 72 रुपये प्रति आर्टिकल का भुगतान करना होगा।