_m.webp)
बिजनेस डेस्क। लंबे इंतजार के बाद चमके सोने-चांदी के दामों ने स्थानीय व्यापारियों और निवेशकों को बड़ी राहत पहुंचाई है। मामूली तेजी के रुख से ही सराफा बाजार में लेन-देन शुरू हो गया और त्योहारी सीजन के बीच पसरा सन्नाटा दूर हुआ। भावों में उछाल आते ही कई खरीदार और निवेशक दुकानों पर पहुंचे, जिससे सराफा गलियारों में फिर से चहल-पहल दिखने लगी है।
रतलाम के सराफा व्यवसायी ऋषभ संघवी के अनुसार, "जनवरी 2026 के उच्चतम स्तरों की तुलना में सोना-चांदी के भाव काफी नीचे आ चुके हैं। इसके बावजूद सराफा में वैसी ग्राहकी नहीं निकल रही थी, जैसी उम्मीद की जा रही थी। लगातार गिरावट के बाद बुधवार को आए इस उछाल ने दम तोड़ते बाजार में नई जान फूंकने का काम किया है। हालांकि, यह तेजी आगे कितने समय तक टिकेगी या फिर मंदी का दौर लौटेगा, इस पर अभी कुछ भी स्पष्ट कहना जल्दबाजी होगी।"
व्यापारियों का कहना है कि करीब नौ महीने पहले चांदी ₹4.20 लाख प्रति किलो का ऐतिहासिक स्तर पार कर चुकी थी, जो अब गिरकर ₹1.88 लाख प्रति किलो के दायरे में आ चुकी है। वहीं सोना भी ₹1.82 लाख प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड शिखर से फिसलकर ₹1.43 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। इतनी भारी गिरावट के बावजूद बाजार में जैसा बड़ा खरीदारी बूम दिखना चाहिए था, वह अभी तक देखने को नहीं मिला है, जिसको लेकर कारोबारी हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।