_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सरगुजा रेडक्रास सोसाइटी के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी रक्तदान कर मानव सेवा के इस महाअभियान में सहभागी बनेंगे।
सरगुजा रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, उपाध्यक्ष डा पुष्पा सिंह तथा जिला कोआर्डिनेटर डा अर्पण सिंह चौहान के नेतृत्व में वर्ष 2021 से अब तक 10 हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया जा चुका है। यह रक्त हजारों जरूरतमंद मरीजों के उपचार और जीवन रक्षा में उपयोगी साबित हुआ है। यही कारण है कि सरगुजा जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में रेडक्रास सोसाइटी की पहल को एक सफल माडल माना जा रहा है।
जिला कोऑर्डिनेटर डा अर्पण सिंह चौहान स्वयं नियमित रक्तदाता हैं और अब तक 30 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका कहना है कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति तीन से चार माह के अंतराल में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होता है।सोसाइटी के चेयरमैन आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने भी रक्तदान जागरूकता अभियान में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से जिले के ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। रेडक्रास सोसाइटी का उद्देश्य है कि किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
सोसाइटी की इस उल्लेखनीय पहल को राज्य स्तर पर भी सराहना मिली है। राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सरगुजा जिले के एक सक्रिय रक्तदाता को सम्मानित किया जाएगा।डा अर्पण सिंह चौहान ने आमजन, युवाओं तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की है कि वे रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर स्वैच्छिक रक्तदान करें। उनका कहना है कि आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। रक्तदान महादान है और यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।