नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में 17 हाथियों के झुंड में शामिल नर हाथी को परास्त कर मुखिया बना कबरा हाथी रेडियो कॉलरिंग के बाद फिर दल से बिछड़ गया है। कॉलरिंग के बाद न तो उसकी उत्तेजना कम हुई है और न ही मस्ती।
ड्रोन देखकर दिखाया गुस्सा
रास्ते में जो भी जल स्रोत मिले उसका पानी सूंड़ से उठाकर शरीर पर भी उड़ेला। निगरानी के दौरान एक बार नजदीक से उड़ रहे ड्रोन को देखकर उसने सूंड़ उठाकर गुस्सा भी दिखाया। कॉलरिंग से पहले छह दिनों तक जिस दल का मुखिया बनकर वह जंगल से बाहर नहीं निकल रहा था ,वह दल अब उससे बिछड़ गया है।
दोनों के बीच लगभग पांच किलोमीटर की दूरी है। मालूम हो कि कबरा हाथी ने पिछले छह महीने में सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों को कुचल कर मार डाला था। दर्जनों मकानों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही उसने फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया था।
इसी कारण वन विभाग की टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उसे ट्रेंक्यूलाइज कर कॉलर आईडी लगाई थी लेकिन उसका व्यवहार बदलेगा इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है।
अकेलेपन के कारण ज्यादा आक्रामक होता है लोनर हाथी
कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर कॉलर आईडी लगाने का अभियान 13 नवंबर से शुरू किया गया था। उदयपुर के सायर जंगल में जब हाथी घुसा तो उसकी मुलाकात 17 हाथियों के दल से हुई। इस दल के नर से उसका संघर्ष हुआ। इसके बाद कबरा हाथी ही दल का अगुवा बन बैठा था।
छह दिनों से झुंड में रहने के दौरान वह जंगल में ही रहा। कभी बाहर नहीं निकला। झुंड के कारण मूवमेंट कम हो गया था।उसका व्यवहार बदलने लगा था। किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचाया लेकिन फिर से अकेला हो जाने से खतरा बरकरार है। लोनर हाथी अकेलेपन के कारण स्वयं की सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क और आक्रामक होने के साथ तेजी से मूवमेंट भी करता है।
हाथियों में कॉलरिंग के पुराने अनुभव नहीं रहे हैं परिणाम मूलक
तीन प्रशिक्षित हाथियों के साथ वन विभाग की टीम कबरा हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अब विभाग के सामने उसे प्राकृतिक माहौल में अकेले छोड़ने या रेस्क्यू सेंटर ले जाने का विकल्प है। अधिकारियों के अनुसार, कबरा ने आबादी में घुसने या मकानों में तोड़फोड़ की कोशिश की तो उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा।
झुंड में उसकी वापसी को लेकर भी संशय है। यह भी देखा गया है कि इंसानों के संपर्क में आने वाले हाथियों को झुंड में रहने वाले हाथी स्वीकार भी नहीं करते। सरगुजांचल में हाथियों में कालरिंग के पहले के अनुभव परिणाममूलक नहीं रहे हैं।