
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। पेट्रोल पंपों पर फुल टैंक पेट्रोल और डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने वाले गिरोह की करतूत सामने आई है। अनुजनगर (लटोरी) स्थित पेट्रोल पंप से बिना रुपये दिए भागे वाहन का कर्मचारियों ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया और अंबिकापुर के अर्बन चौपाटी तक पहुंच गए।
कर्मचारियों के पीछा करने की भनक लगते ही वाहन सवार जैन मंदिर के बगल में कार खड़ी कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई नंबर प्लेट के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर और लुंड्रा क्षेत्र के रहने वाले गिरोह के सदस्य कार, स्कार्पियो सहित अन्य वाहनों से नंबर प्लेट निकालकर पेट्रोल पंप पहुंचते थे। फुल टैंक ईंधन भरवाने के बाद QR कोड के माध्यम से भुगतान करने का बहाना बनाकर कर्मचारियों को उलझाते और मौका मिलते ही बिना रुपये दिए तेज रफ्तार से भाग निकलते थे। इस दौरान उनकी लापरवाही भरी ड्राइविंग से सड़क पर हादसे का खतरा भी बना रहता था।
सरगुजा और आसपास के कई जिलों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है। अंबिकापुर शहर और आसपास इसी महीने हुई कई वारदातों के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी सतर्क हो गए थे। इसी सतर्कता के चलते अनुजनगर (लटोरी) से भागे वाहन का पीछा किया गया।
यह भी पढ़ें- महासमुंद में NH-53 पर भीषण हादसा, संबलपुर से लौट रही कार ट्रक में घुसी, दो महिलाओं की मौके पर मौत; तीन घायल
पुलिस अब वाहन के आधार पर आरोपितों की पहचान और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर सकती है। पेट्रोल पंप संचालक इसकी शिकायत पुलिस महानिरीक्षक से कर जांच की मांग कर रहे हैं।