ओडिशा से दिल्ली-प्रयागराज जा रहा गांजा इंटरसेप्ट, जशपुर-सरगुजा में टॉप मॉडल स्कॉर्पियो जब्त, 2 तस्कर अरेस्ट
सरगुजा और जशपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक टॉप मॉडल स्कॉर्पियो की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार सवार तीन तस्कर बतौली के पा...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 13 Sep 2026 05:10:44 PM (IST)Updated Date: Sun, 13 Sep 2026 05:10:44 PM (IST)
ओडिशा से गांजा तस्करी की बड़ी साजिश नाकामHighLights
- ओडिशा से आ रही गांजा भरी स्कॉर्पियो की पुलिस ने की घेराबंदी।
- 3 किमी पीछा कर गन्ने के खेत से 2 तस्कर गिरफ्तार।
- चाबी लेकर तीसरा आरोपी फरार, मैकेनिक से खुलवाई जा रही कार।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: गांजा तस्करी की आशंका पर सरगुजा और जशपुर जिले की संयुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक टाप माडल स्कार्पियो जब्त किया है। स्कार्पियो खड़ी कर गन्ने के खेत में घुसे तीन लोगों में से दो को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया है, जबकि तीसरा युवक फरार हो गया है। स्कार्पियो की चाबी उसी के पास होने के कारण अभी तक स्कार्पियो को खोला नहीं जा सका है। पूरी संभावना है कि स्कार्पियो में गांजा लोड है। पकड़े गए दोनों युवकों के दिल्ली और प्रयागराज से जुड़े होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार ओडिसा से गांजा लेकर स्कार्पियो के छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने की सूचना मिली थी। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र से होकर स्कार्पियो के गुजरने की सूचना पर तपकरा पुलिस इनका पीछा कर रही थी। इधर सरगुजा पुलिस को भी अलर्ट किया गया था और लुंड्रा, बतौली, बगीचा तथा रघुनाथपुर पुलिस को सूचना देकर घेराबंदी में लगाया गया था।
पुलिस की घेराबंदी देखकर स्कार्पियो में सवार तीनों लोगों ने बतौली-बगीचा मार्ग पर बिलासपुर से रघुनाथपुर को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर अपनी स्कार्पियो घुसा दी। इस मार्ग पर आगे बढ़ने पर बरगीडीह के पास भीड़भाड़ होने पर गाड़ी को वहीं खड़ा कर तीनों पैदल ही भागने लगे।बताया जा रहा है कि लगभग तीन किलोमीटर तक पुलिस और तस्करों के बीच दौड़ हुई।
इसके बाद तीनों एक गन्ने के खेत में घुसकर छिप गए। पीछे से पुलिस टीम भी पहुंच गई। गन्ने के खेत में छिपे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पूरे खेत को चारों तरफ से घेर लिया।घेराबंदी में दो युवक पकड़ में आ गए, जबकि तीसरा युवक घने गन्ने का फायदा उठाकर फरार हो गया।
चाबी फरार युवक के पास, मैकेनिक से गाड़ी खुलवा रही पुलिस
![naidunia_image]()
पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ में गांजा को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया। उनके पास वाहन की चाबी भी नहीं मिली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि फरार तीसरा युवक चाबी लेकर भागा है।इसके बाद से पुलिस स्कार्पियो को खोलने का प्रयास कर रही है। सभी प्रयास विफल होने के बाद मैकेनिक को बुलाया गया है और उसके माध्यम से स्कार्पियो को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं और स्कार्पियो में गांजा हो सकता है। फिलहाल जांच की जा रही है।पुलिस ने पकड़े गए दोनों संदिग्धों के नाम और पते का राजफाश अभी नहीं किया है।
जशपुर-सरगुजा बन रहा तस्करी का कॉरिडोर
जशपुर के रास्ते सरगुजा होते हुए ओडिसा का गांजा उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली और हरियाणा तक सप्लाई किए जाने की जानकारी पहले भी सामने आ चुकी है। तस्कर लग्जरी और टॉप मॉडल वाहनों का उपयोग कर पुलिस को चकमा देते हैं। इसी आधार पर इस प्रकरण की पुलिस बारीकी से छानबीन कर रही है। स्कार्पियो खुलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इसमें कितनी मात्रा में गांजा है। फरार तीसरे संदेही की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है।