सरगुजा और बलरामपुर में दो भीषण सड़क हादसे, छह की मौत; घिसटते रहे घायल, बिना हेलमेट के गई जान
सरगुजा और बलरामपुर जिलों में रविवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 26 May 2026 04:17:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 26 May 2026 04:17:02 PM (IST)
दोनों घटना स्थल का दृश्य, ट्रैक्टर के पीछे घुसी बाइक, दुर्घटनाकारी कारHighLights
- सड़क हादसों में छह लोगों की मौत, दो जिलों में पसरा मातम
- बलरामपुर जिले के पीपरपान एवं बिलासपुर रोड में जजगा के पास हुई दुर्घटना
- पण्डो जनजाति के चार चिराग बुझे,पण्डो पूरे समाज में मातम।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: सरगुजा और बलरामपुर जिले में कुछ ही घंटों के अंतराल में रविवार की रात हुए दो भीषण सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में ईंट से लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार युवकों की जान चली गई, जबकि दूसरे हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को कुचल दिया। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना बलरामपुर जिले के सनावल रोड स्थित ग्राम पीपरपान के पास रविवार शाम हुई। जानकारी के अनुसार डिंडो बाजार से लौट रहे चार युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। मृतकों की पहचान रमेश पण्डो (19), मनोज पण्डो (21), नरेश पण्डो (19) और राकेश पण्डो (17) निवासी सनावल के रूप में हुई है।
स्वजन का आरोप है कि ईंट से लदे ट्रैक्टर के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए युवकों को टक्कर मारी और करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। आरोप यह भी है कि चालक घायलों को सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर का इंजन अलग कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। सनावल पुलिस दुर्घटनाकारी ट्रैक्टर के चालक प्रेमचंद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दूसरी घटना सरगुजा जिले के अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर ग्राम जजगा के पास रविवार रात हुई। मेहमानी से लौट रहे बाइक सवार जय सिंह (50) और रामकुमार (60) निवासी महुआटिकरा को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कई मीटर तक सड़क पर घिसटते रहे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है। ग्रामीणों और स्वजन ने आरोपितो की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। इन दोनों दुर्घटना में मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था। लापरवाही के कारण जान गई है।