_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: शहर के जयस्तंभ चौक में शुक्रवार रात हादसा हो गया। जगराता पंडाल के समीप रस्सी में फंसने से बुलेट सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। मृतक फैजान अंबिकापुर के मायापुर का रहने वाला था। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मेडिकल कॉलेज अस्पताल और कोतवाली पहुंच गए हैं।
जयस्तंभ चौक में दुर्गा पूजा का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को जगराता कार्यक्रम था। यहां पंडाल को सहारा देने के लिए सड़क के किनारे रस्सी बांधी गई थी। स्वजन का आरोप है कि कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। और ऐसा कोई संकेतक नहीं था जिससे कुछ नजर आता। बुलेट सवार दोनों युवक उसी रास्ते से गुजर रहे थे।
वे संभवतः रस्सी को देख नहीं पाए। रस्सी में गला फंसने से बुलेट सवार उछलकर मौके पर ही गिर पड़े। उछलने से झालर लाइट का संभवतः उन्हें करंट भी लगा। तत्काल दोनों को मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। यहां से स्वजन फैजान को संजीवनी अस्पताल ले गए यहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
दूसरा युवक घायल है। स्वजन और परिचितों ने सड़क पर बेतरतीब तरीके से रस्सी बांधे जाने तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने को हादसे का कारण बताते हुए नाराजगी जताई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद कोतवाली थाने में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए हैं। स्थिति को देखते हुए जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया गया है। आयोजन स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।