
नईदुनिया न्यूज, भाटापारा। प्रदेश में 40 दिनों से जारी पटवारियों का आंदोलन सरकार के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद स्थगित हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। खासकर नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और राजस्व प्रमाण-पत्रों के लिए परेशान हो रहे आम नागरिकों को राहत मिल सकती है।
रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। इस दौरान बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने शासन और संघ के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी सहमति से किया जाना चाहिए। उन्होंने मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका
उच्चस्तरीय समिति बनाने का फैसला
बैठक में पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर शासन को अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। इसके अलावा हड़ताल अवधि में पटवारियों के विरुद्ध की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया गया।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को iPhone देने की चाहत में चोर बना युवक, मोबाइल दुकान से चोरी कर भागा; गिरफ्तार
पटवारी पीवी (पीवी) एप की तकनीकी विसंगतियां दूर करने सहित अन्य मांगों को लेकर संघ 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर था। इससे जमीन के नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, अभिलेखों में सुधार और प्रमाण-पत्र बनाने जैसे काम प्रभावित हुए।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को राजस्व कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े। संघ के अनुसार, आंदोलन के दौरान करीब 100 पटवारियों का स्थानांतरण, 200 का निलंबन, लगभग चार हजार को कारण बताओ नोटिस और करीब 700 पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री के आश्वासन पर संभाग अध्यक्ष भावेश वर्मा और जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह सेन ने आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में प्रांताध्यक्ष भागवत कश्यप, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, मुरली वर्मा, देव कश्यप, आलोक तिवारी और गुरु दीवार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। अब कर्मचारियों की मांगों के निराकरण और प्रशासनिक कार्रवाइयों पर होने वाले फैसले का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी