
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। बस्तर जिले की नगरनार पुलिस ने 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ सात लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद महिंद्रा बोलेरो पिकअप (यूपी-52-टी-2094) में गांजा लेकर दो तस्कर धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फारेस्ट नाका के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने पर उसमें सवार एक व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम विजय पांडेय (34) निवासी राजेंद्र नगर पश्चिम, थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। फरार आरोपित की पहचान सोनू यादव निवासी गोरखपुर के रूप में हुई है।
700 रुपये नकद भी जब्त किए
वाहन की तलाशी में नौ प्लास्टिक बोरियों में रखे 105 पैकेटों से कुल 214.300 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। फरार आरोपित की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर मॉडल से बदलेगी रायपुर की सूरत... ग्रीन बॉन्ड की तर्ज पर जुटाएगा ₹100 करोड़, विकास कार्यों में आएगी तेजी