• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • बस्तर

जगदलपुर के जंगलों में ‘मोचो काय सुंदर माटी’ पर जवानों संग झूमे पीएम, मोदी के 6 दौरों ने बदली बस्तर की कहानी

जंगल के बीच करनपुर का कोबरा कैंप रविवार को बस्तर की लोकधुन से गूंज उठा। घरों से दूर तैनात जवानों की दीपावली इस बार विशेष थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके बीच पहुंचे।

By Animesh PaulEdited By: manoj dubey
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 08:38:01 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 08:53:18 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
जगदलपुर के जंगलों में ‘मोचो काय सुंदर माटी’ पर जवानों संग झूमे पीएम, मोदी के 6 दौरों ने बदली बस्तर की कहानी
बस्तर में ‘मोचो काय सुंदर माटी’ पर जवानों संग झूमे पीएम मोदी। नईदुनिया

HighLights

  1. कोबरा कैंप रविवार को बस्तर की लोकधुन से गूंज उठा।
  2. तालियों की गूंज के बीच पीएम मोदी भी झूम उठे।
  3. बस्तर में यह बदलाव चार दशक के संघर्ष के बाद आया है।

अनिमेष पाल, नईदुनिया जगदलपुर। जंगल के बीच करनपुर का कोबरा कैंप रविवार को बस्तर की लोकधुन से गूंज उठा। घरों से दूर तैनात जवानों की दीपावली इस बार विशेष थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके बीच पहुंचे।

बलिदानी जवानों के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। ‘येड़े बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन बजते ही महिला जवान पारंपरिक नृत्य करने लगीं।

naidunia_image

तालियों की गूंज के बीच पीएम मोदी भी झूम उठे। कुछ देर के लिए सैन्य कैंप बस्तर की लोकसंस्कृति के रंग में डूब गया। वर्दी में सजे जवानों के चेहरों पर त्योहार की खुशी साफ झलक रही थी। यह उत्सव बस्तर के बदलते दौर की तस्वीर भी था।

लंबे समय तक माओवादी हिंसा झेलने वाले इस क्षेत्र में शांति के नए माहौल के बीच प्रधानमंत्री ने इसे खास दीपावली बताया। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले से माओवादी हिंसा का अंत होने के बाद यह पहली दीपावली है।


मोदी के 6 दौरेः बंदूक के साये से विकास की राह तक बस्तर

माओवादी हिंसा के अंत के बाद बस्तर में यह पहली दीपावली थी, जब गांवों से लेकर कस्बों तक लोगों ने भयमुक्त माहौल में रोशनी का पर्व मनाया। इस बदली हुई तस्वीर का एक बड़ा संदेश करनपुर के सीआरपीएफ कैंप से भी सामने आया, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बस्तर के मोर्चे पर तैनात जवानों के बीच दीपावली मनाने पहुंचे।

बस्तर में यह बदलाव करीब चार दशक के संघर्ष के बाद आया है

कभी गोलियों की गूंज और बारूदी सुरंगों के खौफ से पहचाने जाने वाले बस्तर में यह बदलाव करीब चार दशक के संघर्ष के बाद आया है। इस दौरान आम नागरिकों ने अपनों को खोया, सुरक्षा बलों के जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और विकास की राह बार-बार बाधित हुई।

माओवाद के खात्मे को राष्ट्रीय लक्ष्य बनाकर केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की। इसे हासिल करने में केंद्र और राज्य सरकार की साझा रणनीति, केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वित अभियान तथा स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और विकास की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की अहम भूमिका रही।

शाह ने 18 मई 2026 को भारत को माओवाद मुक्त घोषित किया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 18 मई 2026 को भारत को माओवाद मुक्त घोषित किया। करनपुर में मोदी ने इस बदलाव को दशकों की लड़ाई की जीत बताते हुए जवानों के योगदान को नमन किया। बस्तर के उनके छह प्रमुख दौरे भी इस बदलाव की कहानी कहते हैं।

प्राकृतिक संपदा से समृद्धि की उम्मीद से शुरू हुआ सफर शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, आदिवासी कल्याण और आंतरिक सुरक्षा तक पहुंचा है।

मोदी के छह पड़ावों में बदलता बस्तर का एजेंडा

7 नवंबर 2013 जगदलपुरः संसाधनों से समृद्धि की उम्मीद प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मोदी ने बस्तर की प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने 2013 से 2018 तक के पांच वर्षों को छत्तीसगढ़ के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

9 मई 2015 दंतेवाड़ाः बंदूक छोड़ हल थामने का संदेश प्रधानमंत्री बनने के बाद जावंगा एजुकेशन सिटी में बच्चों से संवाद किया। युवाओं से हिंसा छोड़कर शिक्षा, खेती और विकास से जुड़ने की अपील की।

14 अप्रैल 2018 जांगलाः गांवों तक सुविधाओं का विस्तार बीजापुर के जांगला में आयुष्मान भारत की शुरुआत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग और डिजिटल कनेक्टिविटी पर जोर दिया। लक्ष्य अंदरूनी गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना था।

3 अक्टूबर 2023 जगदलपुर-नगरनारः उद्योग और रोजगार नगरनार इस्पात संयंत्र राष्ट्र को समर्पित किया और करीब 27 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। स्थानीय लौह अयस्क, उद्योग और रोजगार को बस्तर की आर्थिक प्रगति से जोड़ा।

8 अप्रैल 2024 आमाबाल : आदिवासी कल्याण सभा में वन उपज का उचित मूल्य, वन धन केंद्र, एकलव्य विद्यालय और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। आदिवासी समाज की विकास में भागीदारी पर जोर दिया।

8 नवंबर 2026 करनपुर : माओवाद पर जीत का संदेश प्रधानमंत्री मोदी कोबरा परिचालन आधार पहुंचें। जवानों के साथ दीपावली मनाते हुए उन्होंने कहा कि यह पहली दीपावली है, जब देश का हर जिला माओवाद से मुक्त है। उन्होंने जवानों के बलिदान को याद किया और सड़क, मोबाइल नेटवर्क, शिक्षा तथा कौशल विकास को बस्तर के नए दौर की जरूरत बताया।

हिंसा की कीमत, बदलाव की पृष्ठभूमि

वर्ष 2001 से 2024 के बीच बस्तर संभाग में माओवादियों ने 1,623 नागरिकों की हत्या की, जबकि आइईडी विस्फोटों में 228 नागरिकों की जान गई। इसी अवधि में माओवादी हमलों में 1,292 सुरक्षाकर्मी बलिदान हुए।

अब शांति के बाद समृद्धि की परीक्षा

माओवादी हिंसा के खात्मे को केंद्र सरकार अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है। अब चुनौती शांति को समृद्धि में बदलने की है। गांवों तक रोजगार, युवाओं को स्थानीय अवसर और आदिवासी समाज की आर्थिक भागीदारी ही बस्तर के नए दौर की सफलता तय करेगी।

यह भी पढ़ें- बस्तर में जवानों संग पीएम मोदी ने मनाई दीवाली, बोले- लाल आतंक के खात्मे के बाद यह पहला मौका

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।