
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई। साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में भिलाई नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध में प्रयुक्त 26 म्यूल (लेयर-1) बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल सिम और इंटरनेट बैंकिंग सुविधाएं साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराईं, जिनका उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने, उसे अन्य खातों में ट्रांसफर करने और नकद निकासी के लिए किया गया।
पुलिस मुख्यालय तकनीकी सेवा (साइबर) के निर्देश पर थाना भिलाई नगर पुलिस ने 21 अप्रैल 2026 से पंजाब नेशनल बैंक के उन खातों की जांच शुरू की, जिनका उपयोग साइबर ठगी की शिकायतों में हुआ था।
जांच में पाया गया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि सीधे जमा हुई, जिसके बाद उसे अन्य खातों में स्थानांतरित या निकाल लिया गया। इस आधार पर इन खातों को लेयर-1 म्यूल अकाउंट की श्रेणी में रखा गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि खाताधारकों ने स्वयं अथवा अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने बैंक खाते और बैंकिंग सुविधाएं साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराईं। इनका उपयोग ठगी की रकम को छिपाने, ट्रांसफर करने और उससे अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए किया गया।
प्रकरण में पुलिस ने धारा 318(2), 318(3), 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर सभी 26 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से बैंक खातों का विवरण, एटीएम कार्ड, चेकबुक, पासबुक, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया है उसमें शंकर चौधरी(50) संत रविदास नगर छावनी,कार्तिये साहू(24) निवासी सेक्टर-06 भिलाई,रूपेश कुमार देवांगन(20) सेक्टर-04 भिलाई,अनील कुमार शर्मा(58) न्यू हाउसिंग बोर्ड जामुल,कमल दास मानिकपुरी(33) शारदा पारा छावनी,पुरुषोत्तम भारती(25)लक्ष्मी नगर सुपेला,राकेश कुमार निर्मलकर(33) ग्राम बोरी,राहुल मेश्राम(25) निवासी नेहरू नगर भिलाई,हिमांशु यादव(23)
निवासी गोवर्धन चौक नेवई,अरविंद पासवान(20) कैलाश नगर दुर्ग,आदित्य कुमार वर्मा(23) कोहका बजरंग पारा सुपेला,शैलेन्द्र विश्वकर्मा(24) गंजपारा दुर्ग,मोह. कमाल (28) सुपेला पांच रास्ता भिलाई,महेन्द्र कुमार साहू(26) ग्राम डुमरडीह,दुर्गा प्रसाद ठाकुर(27) इन्द्रा नगर, उतई, सचिन मेश्राम(44)निवासी बाम्बे आवास उरला
दुर्ग,नारायण देवांगन(27) मीनाक्षी नगर दुर्ग,आशुतोष मिश्रा(24) सर्कुलर मार्केट कैम्प-02 छावनी,अभिषेक कुमार वर्मा(25) शारदा पारा छावनी,जितेन्द्र हरिश कुमार(24) सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार भिलाई, प्रभावति (50)
मिलन चौक छावनी,गीता लाजेवार(45) पंजाबी मोहल्ला खुर्सीपार,सतविन्दर कौर(30) ढांचा भवन जामुल,श्रुति वर्मा(28) ग्राम मेहकाखुर्द पाटन, प्रेम शीला चौधरी(27)वार्ड-46 खुर्सीपार भिलाई,अंकिता बंजारे(22) शंकर नगर छावनी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।