
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। कोचिंग डिपो दुर्ग में सोमवार की शाम सवा चार बजे के करीब हादसे में रेलवे कर्मचारी एल वेंकट राव (50) ट्रेन से कट गया। घटना वाशिंग लाइन नंबर-02 की बताई जा रही है, जहां ड्यूटी के दौरान उक्त कर्मचारी ट्रेन की चपेट में आ गया। इस साल यह दूसरी घटना है जिसमें ड्यूटी के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे कर्मी की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार रेलवे के इलेक्ट्रिक विभाग में एल वेंकट राव एसीटीएल हेल्पर के पद पर कार्यरत था। बताया जाता है कि वह सुबह नौ से शाम पांच बजे तक की ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान शाम सवा चार बजे के करीब कोचिंग डिपो दुर्ग की वाशिंग लाइन नंबर-02 पर वह हादसे का शिकार हो गया।
उस समय वाशिंग लाइन में मौजूद अन्य कर्मचारियों को समझ ही नहीं आया कि हादसा कैसे हुआ। एल वेंकट राव का शव पटरी पर दो हिस्सों में था।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम सहित विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल दुर्ग भेजा गया। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
यहां उल्लेखनीय है कि इसी साल जनवरी-फरवरी माह में कोचिंग यार्ड क्षेत्र में ही रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मी ए के सिंह की भी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वह भी घटना के समय ड्यूटी पर था।