भिलाई भाजयुमो की सभी नियुक्तियां निरस्त, संगठन करेगा नए सिरे से नियुक्तियां
भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला व मंडल स्तर की हाल ही में जारी सभी नियुक्तियां निरस्त कर दी गई हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 27 Apr 2026 03:02:57 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Apr 2026 03:05:32 PM (IST)
भिलाई भाजयुमो की सभी नियुक्तियां निरस्त, संगठन करेगा नए सिरे से नियुक्तियां।HighLights
- त्रुटिहीन सूची जारी की जाएगी
- पार्टी की छवि प्रभावित हो रही थी
- प्रमाण सहित शिकायतें प्राप्त हुई थीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही ने भिलाई जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की जिला व मंडल स्तर की हाल ही में जारी सभी नियुक्तियों को निरस्त करने की घोषणा की है।
उन्होंने बताया कि जारी सूची में कुछ गंभीर तकनीकी विसंगतियां सामने आई थीं, जिसके चलते संगठन की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया।
संतुलित और त्रुटिहीन सूची जारी की जाएगी
पाणिग्रही ने स्पष्ट किया कि पार्टी की रीति-नीति और सांगठनिक मापदंडों के अनुरूप त्रुटियों का सुधार आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सभी पहलुओं पर पुनर्विचार कर शीघ्र ही एक नई, संतुलित और त्रुटिहीन सूची जारी की जाएगी।
पार्टी की छवि प्रभावित हो रही थी
दरअसल, हाल के दिनों में भाजयुमो के नवनियुक्त पदाधिकारियों के चरित्र और छवि को लेकर मीडिया में लगातार खबरें सामने आ रही थीं, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही थी। इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह ने भी दो दिन पूर्व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर चर्चा की थी।
प्रमाण सहित शिकायतें प्राप्त हुई थीं
सूत्रों के अनुसार, पार्टी मुख्यालय में युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के खिलाफ प्रमाण सहित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन और भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल द्वारा घोषित पूरी सूची को निरस्त कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें-भिलाई में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष नियुक्ति पर बवाल, एक ही मंडल में दो-दो अध्यक्ष घोषित
इसके साथ ही मंडल अध्यक्षों द्वारा घोषित युवा मोर्चा अध्यक्षों की नियुक्तियां भी रद कर दी गई हैं। अब संगठन नए सिरे से जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति करेगा।
भिलाई भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षों की सूची को निरस्त कर दी गई है, अब नए सिरे से घोषणा की जाएगी।
-राहुल टिकरिया , प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा