भिलाई में बेटे से झगड़े का पिता ने लिया खौफनाक बदला, 60 साल के बुजुर्ग ने 30 साल के युवक को कुल्हाड़ी से मार डाला
दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 26 Apr 2026 12:01:01 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Apr 2026 12:08:20 PM (IST)
भिलाई में 60 साल के बुजुर्ग ने 30 साल के युवक को कुल्हाड़ी से मार डाला। नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड 44 लक्ष्मीनारायण नगर में 30 वर्षीय युवक की मोहल्ले के ही एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक का नाम विक्रम सोना (30) है, जो ट्रांसपोर्ट नगर में हाइड्रा चलाने का काम करता था।
मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा
रविवार सुबह विक्रम सोना का मोहल्ले के ही मुरली उर्फ मुच्छू (60) से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मुच्छू ने विक्रम पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल विक्रम सोना मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
रास्ते में ही उसकी मौत हो गई
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित मुरली उर्फ मुच्छू को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
आरोपी के बेटे और युवक के बीच हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी के बेटे और विक्रम सोना के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद लक्ष्मीनारायण नगर में आक्रोश का माहौल है और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।