
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई : चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय छात्र अभिजीत देवांगन का शव बुधवार रात भिलाई के कोहका क्षेत्र स्थित एक पीजी के कमरे में मिला। वह दुर्ग जिले के चरौदा-जंजगीरी गांव का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक लगने के बाद से वह पढ़ाई को लेकर परेशान था। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत कुछ दिन पहले घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताते हुए पीजी में रहने आया था। पिता की सहमति मिलने के बाद उसने कोहका क्षेत्र में पीजी में कमरा लिया था। बताया गया कि करीब 10 दिन पहले पीजी में आने के बावजूद वह वहां केवल पांच दिन ही रुका था।
स्वजनों के मुताबिक, अभिजीत ने कड़ी मेहनत के बाद नीट परीक्षा उत्तीर्ण की थी और मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। वह एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र था। पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक लगने के बाद से वह निराश रहने लगा था। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि बुधवार रात अभिजीत के स्वजन किसी काम से भिलाई आए हुए थे। मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेने के बाद वे उससे मिलने पीजी पहुंच गए। वहां उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। स्वजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया और मोबाइल पर कई बार फोन भी किया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। करीब 10 से 15 बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं होने पर उन्होंने पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों की मदद ली।
इसके बाद खिड़की से कमरे के अंदर रोशनी डालकर देखा गया तो अभिजीत अचेत अवस्था में मिला। इसकी सूचना तत्काल स्मृतिनगर चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की और पंचनामा कार्रवाई की। गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस को घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में छात्र ने अपने मम्मी-पापा से माफी मांगी है। पुलिस स्वजनों, पीजी संचालक और वहां रहने वाले अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- ट्रेनों में जगह की जंग खत्म कर कंफर्म बर्थ देने SECR की पहल, दो साल में बढ़ाए 858 कोच