
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। पावर हाउस रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों में हो रही देरी और यात्रियों को उठानी पड़ रही परेशानियों से संबंधित खबरों के सुर्खियों बटोरने के बाद रेल प्रशासन हरकत में आया है। रायपुर रेल मंडल के डीआरएम दयानंद अचानक पावर हाउस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने करीब आधे घंटे तक स्टेशन के दोनों छोरों पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह फैली अव्यवस्था और निर्माण कार्यों में कमियों को देखकर वे नाराज हुए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई और कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के सख्त निर्देश दिए।
डीआरएम ने सबसे पहले टाउनशिप की ओर बन रहे मुख्य प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया, जहां खिड़की के कांच टूटे मिलने पर उनकी नाराजगी शुरू हो गई। इसके बाद वे चौथी रेल लाइन के लिए बनाए जा रहे प्लेटफार्म पर पहुंचे, जहां तीसरी और चौथी लाइन की ओर एस्केलेटर लगाने का काम पूरी तरह अधूरा मिला। मौके पर केवल एस्केलेटर का ढांचा ही तैयार किया गया था।
फुट ओवरब्रिज से पावर हाउस बाजार की ओर जाने के दौरान उन्होंने प्लेटफार्म क्रमांक-1 पर बने आरक्षित लाउंज का निरीक्षण किया। लाउंज के भीतर शौचालय की चौखट उखड़ी हुई थी और सीपेज के कारण दीवारों की पुट्टी व प्लास्टर भी उखड़ रहे थे। पार्किंग में वाहनों की अव्यवस्था और स्टेशन पर पानी की किल्लत पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई।
स्टेशन के आधुनिकीकरण पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। तय योजना के अनुसार यह कार्य एक साल पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन आज भी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं यात्रियों को नहीं मिल पा रही हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य द्वार के पास टूटी खिड़कियां, टाउनशिप की ओर बंद पुराना शौचालय, अनारक्षित लाउंज की बंद लाइटें और टिकट काउंटर के सामने उखड़ता प्लास्टर जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा नया टिकट काउंटर, सेक्टर-1 की ओर शौचालय और दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम दयानंद ने चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि शेष सभी कार्यों को दिसंबर माह तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। इसके बाद अगले साल जनवरी में निर्माण एजेंसी से स्टेशन का हैंडओवर लिया जाएगा और फरवरी महीने में इस आधुनिक स्टेशन का भव्य उद्घाटन करने की योजना निर्धारित की गई है।