
नईदुनिया न्यूज, बीजापुर। नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडे मुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की सनसनीखेज लूट की सूचना आखिरकार फर्जी निकली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कर्ज के भारी दबाव से बचने के लिए ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी ने लूट की पूरी कहानी गढ़ी थी।
हैरानी की बात यह है कि कथित लूट में शामिल बताए गए दो अन्य लोगों को भी इस मनगढ़ंत कहानी में शामिल किया गया था। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच, 16 घंटे की नाकेबंदी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की परतें खोल दीं।
देर रात थाने पहुंचकर सुनाई थी दो करोड़ की लूट की कहानी
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 26 को गीदम निवासी एवं भैरमगढ़ में ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले कारोबारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर लूट की सूचना दी थी। उसने बताया कि वह तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था।
शाम करीब 6 बजे पांडे मुर्गा के आसपास नेशनल हाईवे-63 पर जंगल की ओर से आए तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद बैग में रखे करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और तीनों के मोबाइल फोन लूटकर आरोपी जंगल की ओर भाग गए।
यह भी पढ़ें- रायपुर में पुलिस कस्टडी से भागा MDMA तस्कर 3 घंटे में दोबारा गिरफ्तार, पेड़ के नीचे छिपाया था पर्स
दो करोड़ की लूट की खबर से मचा हड़कंप, तीन विशेष टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया। सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के युवाओं को 88.76 करोड़ का तोहफा, NIT रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
जंगल में एक साथ सुरक्षित मिले तीनों मोबाइल, यहीं से गहराया शक
जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन की लोकेशन हाईवे से लगे जंगल में मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो तीनों मोबाइल एक ही स्थान पर एक साथ सुरक्षित और चालू हालत में बरामद हुए। इस घटनाक्रम ने पुलिस के संदेह को और गहरा कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने कथित पीड़ितों की पृष्ठभूमि खंगालनी शुरू की और तीनों से अलग-अलग पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी।
कर्ज का दबाव बना फर्जी लूट की कहानी की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी पर भारी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। वह फिलहाल कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था।
पुलिस के अनुसार, इसी दबाव से बचने के लिए उसने दो करोड़ रुपये की लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की और इसमें अपने साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ तथा तूफान वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी शामिल कर लिया।
लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने के बाद व्यापारी ने कथित लूट की सूचना को झूठा और मनगढ़ंत बताया।
पुलिस की अपील: झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह न करें
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने अथवा किसी घटना की झूठी सूचना देने का प्रयास न करें। इस तरह की झूठी रिपोर्ट देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
तीन थाना प्रभारियों की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल और भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन एक्का के निर्देशन में की गई।
मामले के खुलासे में बीजापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल की अलग-अलग टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें- ICC Rankings: अर्शदीप, अक्षर और गुरनूर को मिला वनडे रैंकिंग्स में फायदा, रहमत शाह ने रचा इतिहास