
नईदुनिया प्रतिनिधि, बीजापुर। बीजापुर जिले में प्रेम संबंध का अंत खौफनाक वारदात में हुआ। नगर पालिका में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत एक विवाहित महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी पर पहले पत्थर और फिर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसे कुएं में फेंक दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर हत्या की धारा जोड़ते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पांच जुलाई की शाम शांतिनगर, बीजापुर में रिंकी कुड़ियम (29) निवासी ग्राम नुकनपाल थाना मोदकपाल एवं वर्तमान निवासी शांतिनगर का अपने साथ रह रहे दिलीप कड़ियम से विवाद हो गया। विवाद के दौरान महिला ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल दिलीप को जिला अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए डिमरापाल मेडिकल कालेज, जगदलपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन युवक की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़ दी गई। आरोपित महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मृतक के बड़े भाई दुर्गेश कड़ियम ने बताया कि दिलीप और रिंकी दोनों नगर पालिका में सफाईकर्मी थे। दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध था। बाद में दिलीप को पता चला कि महिला विवाहित है, लेकिन इसके बावजूद वह इस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहता था।
स्वजन का आरोप है कि महिला अपने पति को छोड़कर बीजापुर में रह रही थी और इसी दौरान उसका दिलीप से संबंध बना। दोनों साथ रहने लगे थे। उनका आरोप है कि महिला अन्य लोगों के संपर्क में भी थी और दिलीप से संबंध समाप्त करना चाहती थी, जबकि दिलीप रिश्ता बनाए रखना चाहता था।
स्वजन का आरोप है कि पांच जुलाई को महिला ने दिलीप को शांतिनगर स्थित घर बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद पहले पत्थर और फिर चाकू से उस पर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे कुएं में फेंक दिया गया। बाद में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि इस मामले में अपराध दर्ज कर शुरू में हत्या के प्रयास की धारा के तहत कार्रवाई की गई थी। मेडिकल कालेज से युवक की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।