साइड विवाद में फॉर्च्यूनर सवार दंबगों ने अटल विवि के कुलपति को पीटा, छात्रों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
बिलासपुर में साइड विवाद पर कुलसचिव से मारपीट हुई है। फॉर्च्यूनर सवार आरोपी ने थप्पड़ मारे हैं। छात्रों में आक्रोश है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 25 Apr 2026 01:28:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 25 Apr 2026 01:28:26 PM (IST)
सड़क पर दबंगई का चौंकाने वाला मामला। (फाइल फोटो)HighLights
- साइड विवाद में कुलसचिव डॉ तरणीश गौतम से मारपीट।
- फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने गाली-गलौज कर हमला किया।
- घटना के बाद थाने में शिकायत, एफआईआर दर्ज की गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र में सड़क पर दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली साइड विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ तरणीश गौतम के साथ स्वास्तिक हॉस्पिटल के सामने फॉर्च्यूनर सवार युवकों द्वारा मारपीट की गई। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर छात्र-छात्राओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
गुरुवार सुबह तोरवा क्षेत्र में हुई इस घटना ने शहर में सड़क सुरक्षा और बढ़ती गुंडागर्दी पर बहस छेड़ दी है। जानकारी के मुताबिक कुलसचिव डॉ तरणीश गौतम विश्वविद्यालय जाते समय फॉर्च्यूनर सवार युवकों से साइड देने को लेकर विवाद में उलझ गए। आरोप है कि ओवरटेक के बाद फॉर्च्यूनर सवारों ने वाहन रोककर गाली-गलौज की और फिर कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार दिया।
पुलिस जांच रही सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद डा. गौतम ने तोरवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
छात्र-छात्राओं ने की गिरफ्तारी की मांग
विश्वविद्यालय में घटना को लेकर गहरी नाराजगी है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इसे शिक्षा जगत की गरिमा पर हमला बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। छात्रों का कहना है कि यदि एक वरिष्ठ शिक्षाविद सड़क पर सुरक्षित नहीं, तो आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठते हैं।
शिक्षा जगत में उबाल
घटना के बाद अटल यूनिवर्सिटी परिसर में छात्रों के बीच आक्रोश देखा गया। कई छात्र संगठनों ने इसे केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि शैक्षणिक गरिमा पर चोट बताया है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मामले ने शहर में सड़क गुंडागर्दी और वीआईपी सुरक्षा दोनों पर बहस तेज कर दी है।