
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक में गुरुवार तड़के पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने नाश्ता ठेला संचालक और उसके कर्मचारी पर लाठी-डंडे व लोहे की राड से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। आरोपितों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
तिफरा के इंद्रपुरी बस्ती में रहने वाले रितेश कुमार साहू (27) हर्ष धनकर के नाश्ता ठेले में काम करता है। गुरुवार सुबह करीब चार बजे हर्ष महाराणा प्रताप चौक में इडली-डोसा का ठेला लगाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान भारतीय नगर, मिनीबस्ती जरहाभांठा और तालापारा के पंकज लहरे, राहुल चतुर्वेदी, सारिक अली, ऋषभ राज कोसले अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे।
पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए हर्ष पर लाठी-डंडे और लोहे की राड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रितेश की भी लोहे के पाइप से पिटाई कर दी। हमले में हर्ष के चेहरे, मुंह, होंठ, दांत, पीठ, हाथ और दोनों पैरों में चोटें आई हैं, जबकि रितेश के दाहिने पैर में चोट लगी है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मारपीट देखी। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है।