
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो भाइयों ने किराना व्यवसायी और उसके परिवार से 48 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित ने अपनी जमा पूंजी के साथ रिश्तेदारों, दोस्तों और सामाजिक परिचितों से उधार लेकर भी रकम दी थी।
अब रकम वापस मांगने पर दोनों भाई परिवार सहित दुबई चले गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने संस्कृति गारमेंट के संचालक मनीष रोहरा और सुनील रोहरा के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर, गांधी चौक निवासी दीपक भगतानी (36) कतियापारा में किराना दुकान चलाते हैं। उनकी वर्ष 2020 से अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम क्लाथ मार्केट के संस्कृति गारमेंट संचालक मनीष और सुनील रोहरा से जान-पहचान थी। दोनों ने उन्हें बताया कि उनका परिचित आकाश गोगा, हेमंत नरवानी और अजय जग्यासी ओडिशा, राजिम और जबलपुर में जमीनों में निवेश कर करोड़ों रुपये कमा रहे हैं।
उनके माध्यम से निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी हो सकती है। उनकी बातों में आकर दीपक ने अलग-अलग किस्तों में 48.90 लाख रुपये दिए। इसमें 19.80 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और फोनपे के माध्यम से दिए गए। बाकि की रकम नकद दी गई। इसके लिए उन्होंने सोना गिरवी रखा और परिचितों से भी पैसे जुटाए। रकम वापस मांगने पर दोनों कभी जमीन, कभी शेयर मार्केट तो कभी सट्टे में निवेश करने की बात कहकर टालते रहे। पीड़ित का आरोप है कि अब दोनों भाई परिवार सहित दुबई चले गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने आनलाइन सट्टे के मामले में मनीष और सुनील रोहरा को आरोपित बनाया है। आरोपित सट्टे के मामले में फरार हैं। पुलिस ने दोनों आरोपित के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। इसके साथ ही आरोपित के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी करने कार्रवाई की जा रही है। आरोपित मनीष और सुनील की विदेशों में संपत्ति की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- 'मेरी बेटी को पीटकर मार डाला साहब, अब बता रहे हैं फांसी', बिलासपुर में मां ने लगाए गंभीर आरोप