
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। नगर निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। विकास भवन स्थित दृष्टि सभा कक्ष में आयोजित राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में आयुक्त ने निगम के सभी आठ जोनों की जोनवार एवं वार्डवार राजस्व वसूली की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान शासन द्वारा निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली नगर निगम के वित्तीय संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जब तक राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं आती, तब तक संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन रोका जाएगा। बैठक में राजस्व अधिकारी और जोन क्रमांक 05 के सहायक राजस्व अधिकारी का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर सात वार्ड प्रभारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजस्व वसूली में कम प्रगति पाए जाने पर तीन अन्य वार्ड प्रभारी को भी नोटिस जारी किया जाएगा। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि 23 अक्टूबर को आयोजित पिछली समीक्षा बैठक में जोनवार एवं वार्डवार राजस्व वसूली के जो लक्ष्य निर्धारित किए गए थे, उनमें तेजी लाते हुए 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा नहीं होने पर शेष राशि को दिसंबर माह के लक्ष्य में जोड़कर वसूली की जाएगी।
आयुक्त ने बड़े बकायादारों से संपर्क कर उन्हें नोटिस तामील कराने तथा बड़े बकायादारों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी वार्डों में संपत्ति कर वसूली शिविर आयोजित करने और नागरिकों को संपत्ति कर जमा करने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रतिदिन कचरा कलेक्शन वाहनों में जागरूकता जिंगल चलाने को कहा।
राजस्व वसूली को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाने के लिए आयुक्त ने चैटबॉट को सरल एवं हिंदी भाषा में तैयार करने तथा करदाताओं को बल्क मैसेज भेजने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बनाए गए नए संपत्ति करदाताओं की आईडी की जानकारी प्रस्तुत करने तथा सभी जोनों में कार्यरत राजस्व कर्मचारियों के परिचय पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।