
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सकरी पुलिस ने कोयला चोरी और उसमें मिलावट कर कोल वाशरी में घटिया कोयले की सप्लाई का औद्योगिक इकाई तक पहुंचाने के मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है।
लोखंडी स्थित भाटिया कोल वाशरी के मैनेजर आरके पाण्डेय ने कोयले में मिलावट की शिकायत सकरी थाने में की है। शिकायत में बताया गया कि दीपका कोल माइंस से एफ-जी ग्रेड का कोयला भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, लोखंडी के लिए मंगवाया गया था। 10 जून की सुबह तीन ट्रेलरों से पहुंचे कोयले की लेब जांच कराई गई, जिसमें निर्धारित गुणवत्ता का कोयला नहीं मिला। जांच के बाद ट्रेलर ड्राइवरों से पूछताछ की गई।
पूछताछ में पता चला कि एफ ग्रेड कोयले की चोरी कर उसमें मिलावट की गई और इसे प्लांट तक पहुंचाया गया। इस साजिश में बालाजी कोल डीपो का संचालक, मैनेजर और ट्रेलर मालिक शामिल है। इस पर एसएसपी रजनेश सिंह ने सकरी पुलिस, एसीसीयू और माइनिंग की टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने घेराबंदी कर झारखंड निवासी तीन ट्रेलर ड्राइवर, कोल डिपो मैनेजर व ट्रेलर मालिक और कोल डिपो संचालक को पकड़ लिया। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
लेब जांच में सामने आई गड़बड़ी
प्लांट पहुंचने के बाद कोयले की गुणवत्ता की जांच की गई। लेब परीक्षण में पाया गया कि भेजा गया कोयला निर्धारित एफ/जी ग्रेड का नहीं था। इसके बाद ट्रेलर चालकों से पूछताछ की गई। जांच में कथित रूप से कोयले की चोरी और मिलावट की बात सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले का पर्दाफाश करने सकरी पुलिस के साथ एसीसीयू और माइनिंग विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। अपराध दर्ज होने के बाद टीम ने तत्काल सूचना संकलन, पूछताछ और घेराबंदी कर आरोपितों को पकड़ लिया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर आशिक हुसैन अंसारी(23), फैजान रजा अंसारी(23) फुजैल अंसारी(28) तीनों निवासी ग्राम मडवनिया थाना रमगांव जिला गढवा झारखंड, कोल डीपो मैनेजर गौरव राजपुत(28) निवासी थाना पारा रातनपुर, ट्रेलर मालिक सीबु खान(29) निवासी खंडोबा मंदिर के पास रतनपुर, कोल डीपो मालिक दिलीप कुमार यादव(36) निवासी सेक्टर 06 भिलाई को पकड़ लिया है। शुरुआती जांच में कई स्तरों पर मिलीभगत की आशंका सामने आई है। आरोपितों की भूमिका और दस्तावेजों की जांच जारी है।