
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रोजगार गारंटी योजना के तहत किए गए काम की मजदूरी मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि सरपंच पति समेत तीन लोगों ने लाठी-डंडे से सरपंच पति ललित सोल्डे और बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। घटना में पत्नी तितरी बाई, बेटा आर्यन और बेटी अंतरा घायल हो गए। सरपंच के भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने तितरी बाई और उसके पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत सरसेनी में रहने वाली तितरी बाई सोल्डे (42) ने पुलिस को बताया कि नौ नवंबर की रात करीब आठ बजे उनके पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी के तहत चार सप्ताह काम करने की मजदूरी मांगने सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर के पास गए थे।
इसी बात पर नारायण ने काम नहीं करने और बार-बार पैसे मांगने की बात कहते हुए रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे के साथ मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने लाठी-डंडे से ललित की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची तितरी बाई, उनके बेटे और बेटी के साथ भी मारपीट की गई। इसमें तीनों को चोटें आई हैं। ललित के कान में भी चोट लगी है। इधर दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सरपंच के भतीजे की शिकायत पर ललित, तितरी और उनके बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। तितरी बाई ने नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने ललित सोल्डे, तितरी बाई और उनके बेटे के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।