
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: दीपावली की रात पटाखे फोड़ने और शांतिभंग करने के मामले में रिवर व्यू में जमकर हंगामा हुआ। यहां अनावश्यक रूप से उत्पात मचा रहे चार युवकों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया है।
सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि दीपावली की रात रिवर व्यू में कुछ युवक अनावश्यक रूप से विवाद और हुड़दंग कर रहे थे। इससे मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपितों में धन्नू टांडे (28) निवासी गुरु घासीदास नगर मिनी बस्ती जरहाभाठा, सूरज कश्यप (19) निवासी तिफरा, साहिल यादव उर्फ मयंक (22) निवासी मुक्तिधाम चौक और अमित यादव (20) निवासी बंगालीपारा शामिल हैं। चारों युवकों के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
इधर, गिरफ्तार अमित यादव को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि उसके खिलाफ सरकंडा क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने की शिकायत मिली थी। बताया जा रहा है कि वह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल करा दिया है।
यह भी पढ़ें- अमूल, वचन और गोवर्धन का घी निकला अमानक, बिलासपुर के कई संस्थानों के सैंपल फेल पनीर भी खाने लायक नहीं