_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा में बाउंसर निखिल गोस्वामी हत्याकांड में फरार चल रहे चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
डीएसपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि चार जून की शाम पथर्रा में रहने वाला निखिल गोस्वामी अपने साथी आलोक सिंह और यशु पोर्ते के साथ होटल फोर सीजन के आगे कच्चे रास्ते में बैठा था। इसी दौरान दो बाइक से चार युवक वहां पहुंचे। आरोपितों ने योजनाबद्ध तरीके से एक बाइक पीछे और दूसरी निखिल की स्कूटी के सामने खड़ी कर रास्ता रोक दिया। आरोपितों ने निखिल की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर हमला शुरू किया। इसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
हमलावरों ने बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद आरोपित फरार हो गए। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव में कोटा क्षेत्र के ग्राम भुंडा में रहने वाले भोलादास मानिकपुरी अपनी पत्नी से अवैध संबंध की आशंका को लेकर निखिल से रंजिश रखता था।
जैसे ही भोला अपने साथियों को लेकर मौके पर पहुंचा निखिल ने उसे पहचान लिया और नाम लेकर बुलाया था। जब उन्होंने हमला किया तब आलोक ओर उसके साथी डरकर भाग गए। आलोक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। इस बीच आरोपित अपने ठिकाने से फरार हो गए थे। पुलिस की टीम ने टेक्नीकल जांच के आधार पर चार आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने हत्या के मामले में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी (26) निवासी भुंडा थाना कोटा, निखिल राव उर्फ निक्कू (24) निवासी देवनगर कोनी, करण दास मानिकपुरी (24) निवासी देवनगर कोनी और कुश साहू उर्फ बुतरू (26) निवासी तेलियापुराण भरारी को गिरफ्तार किया है। चारों के खिलाफ थाना कोटा में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।