बिलासपुर में गलत संगत से रोकने पर पोते ने ली दादी की जान, शव के पास बैठकर खुद बुलाई पुलिस
बिलासपुर के पचपेड़ी क्षेत्र में रात में घूमने से मना करने पर एक पोते ने खाट के पाए से पीट-पीटकर अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 05:13:44 PM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 05:18:57 PM (IST)
पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।HighLights
- बिलासपुर के ग्राम लोहर्सी में देर रात बाहर जाने से टोकने पर पोते ने दादी की हत्या कर दी।
- वारदात के बाद आरोपी ने पिता को फोन किया और शव के पास बैठा रहा, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
- पचपेड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी मृत्युंजय को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी में बाहर आने-जाने से रोकने की बात से नाराज पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी के सिर पर लकड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित ने फोन कर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि लोहर्सी सतनामी पारा में रहने वाले सजन कोसले रोजी मजदूरी करते हैं। फिलहाल वे परिवार को लेकर बाहर मजदूरी करने के लिए गए हैं। घर पर उनकी मां नरबद कोसले(65) अपने पोते मृत्युंजय के साथ रहती थी।
मृत्युंजय सनकी किस्म का है। इसके कारण नरबद उसे घर से बाहर जाने पर टोकती थी। रात को वह देर तक घूमने पर मना करती थी। इसी बात को लेकर मृत्युंजय नाराज रहता था। सोमवार को वह देर रात तक गांव में घूमने के बाद घर पहुंचा। तब उसकी दादी ने उसे बाहर जाने की बात को लेकर डांट लगाई। इससे नाराज होकर युवक ने लकड़ी से अपनी दादी के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। लगातार वार से उसकी दादी की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के कब्रिस्तान में नशा कर रहे झाड़फूंक वाले बाबा और साथियों की ग्रामीणों ने की जमकर पिटाई
हत्या के बाद उसने अपने पिता सजन कोसले को काल किया। उसने दादी की हत्या की बात बताकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां की मौत की सूचना पर सजन ने गांव में रहने वाले अपने मामा भागवत महिलांगे को काल कर जानकारी दी। तब भागवत गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। उसने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपित युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
दादी के शव के साथ बैठा रहा युवक
वारदात के बाद आरोपित मृत्युजय कोशले उर्फ बब्बू कोसले ने अपने पिता को फोन कर दादी की हत्या करने की जानकारी दी। इसके बाद यह सूचना मृतका के भाई भागवत महिलांगे तक पहुंची। भागवत अपने पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से वृद्धा की हालत देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वह आराम से अपनी दादी के शव के पास बैठा रहा।