बिलासपुर से राजस्थान के यात्रियों को बड़ी सौगात, अब सप्ताह में दो दिन चलेगी शालीमार-उदयपुर एक्सप्रेस
केंद्रीय राज्यमंत्री व बिलासपुर सांसद तोखन साहू के प्रयासों से बिलासपुर-राजस्थान रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उदयपु...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 02 Sep 2026 11:44:10 PM (IST)Updated Date: Wed, 02 Sep 2026 11:44:10 PM (IST)
केंद्रीय रेलमंत्री से मुलाकात करते केंद्रीय राज्य मंत्री।HighLights
- शालीमार-उदयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी।
- केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल पर रेल मंत्री ने दी मंजूरी।
- बिलासपुर, चांपा, रायगढ़ व पेंड्रारोड के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर से राजस्थान की कनेक्टिविटी और मजबूत हो गई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री व सांसद तोखन साहू के प्रयासों पर मुहर लगाते हुए रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शालीमार-उदयपुर सिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन चलाने की औपचारिक मंजूरी दे दी है। वर्तमान में इस ट्रेन की सुविधा केवल एक दिन मिलती है।
एक दिन बढ़ने से यात्रियों को राहत मिलेगी। इस ट्रेन की परिचालन अवधि एक दिन और बढ़ाने की मांग आम जनता के बीच से उठी थी। जिसे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। जनता की सुविधा के लिए की गई पहल को स्वीकार करते हुए फेरों में बढ़ोतरी को औपचारिक मंजूरी दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रेषित पत्र के अनुसार 20971/20972 उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस (व्हाया पेंड्रारोड व बिलासपुर) अब सप्ताह में एक दिन के बजाए दो दिन संचालित की जाएगी।
हालांकि अभी दिन का निर्धारण नहीं हुआ है। लेकिन, मंजूरी का पत्र जारी हो गया है। जल्द ही दिन भी तय हो जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की इस सफल पहल और रेल मंत्री द्वारा तुरंत लिए गए इस जनहितकारी निर्णय के लिए संसदीय क्षेत्र की जनता, व्यापारियों और नियमित यात्रियों ने आभार व्यक्त किया है।
अभी चलती है शनिवार व रविवार
यह साप्ताहिक ट्रेन है और उदयपुर सिटी से शालीमार के लिए प्रत्येक शनिवार को छूटती है। वहीं शालीमार से उदयपुर सिटी के लिए यह ट्रेन रविवार को रवाना होती है। इसका लाभ बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत बिलासपुर, चांपा, रायगढ़ व पेंड्रारोड शहर के क्षेत्रवासियों को मिलता है। हालांकि बिलासपुर से बीकानेर और भगत की कोठी के लिए सीधी ट्रेन सुविधा है। इसके अलावा दुर्ग से भी राजस्थान के लिए ट्रेन है।