तेरी शक्ल नहीं देखूंगा बोलकर कोर्ट के सामने दिया तीन तलाक, जुर्म दर्ज
उसने परिवार को तबाह कर देने का आरोप लगाते हुए अपनी पत्नी को फिर से चेहरा नहीं दिखाने की बात कही। इस दौरान उसने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक भी कह दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 28 May 2026 07:55:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 28 May 2026 08:05:30 PM (IST)
बिलासपुर में तीन तलाक।नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कुटुंब न्यायालय परिसर के सामने पति ने पत्नी का चेहरा नहीं देखने की बात कहते हुए तीन बार तलाक बोल दिया। उनके बीच दहेज प्रताड़ना और भरण पोषण का मामला पहले से ही चल रहा है। अब सिविल लाइन पुलिस ने तीन तलाक और जान से मारने के आरोप में पति के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपित पति की तलाश कर रही है।
जिले में रहने वाली युवती का निकाह करीब दो साल पहले हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी के बीच अनबन होने लगी। तब महिला अपने मायके चली गई। मायके में रहकर उसने पति और परिवार वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया।
इसके बाद उसने भरण पोषण के लिए न्यायालय की शरण ली। उनका मामला कुटुंब न्यायालय में चल रहा है। सोमवार को उनकी पेशी थी। महिला स्वजन के साथ पेशी पर आई थी। इसी दौरान वह किसी दस्तावेज की फोटोकापी कराने न्यायालय परिसर से बाहर निकली। वहीं पर उसका पति मिल गया।
उसने परिवार को तबाह कर देने का आरोप लगाते हुए अपनी पत्नी को फिर से चेहरा नहीं दिखाने की बात कही। इस दौरान उसने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक भी कह दिया। महिला ने इस पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है।