नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः सीपत रोड स्थित ग्राम चांटीडीह के आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग छात्रावास परिसर की बेशकीमती जमीन को बचाने के लिए सोमवार को छात्र-छात्राएं खुद सड़क पर उतर आए। विद्यार्थियों ने गंभीर आरोप लगाया है कि सड़क के दूसरी तरफ मौजूद भू-माफियाओं को बचाने के लिए बिना सीमांकन एकतरफा कार्रवाई करते हुए छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण और खोदाई शुरू कर दी गई है।
लामबंद हुए छात्र-छात्राओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दो टूक चेतावनी दी कि हास्टल की बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने बताया कि ग्राम चांटीडीह हल्का नंबर 00033, रा.नि.मं. सरकंडा के खसरा नंबर 561/4 की 1.4970 हेक्टेयर शासकीय भूमि अनुसूचित जाति छात्रावास व अजाक थाना के लिए आवंटित है। परिसर में पहली से पांचवीं तक के छोटे बच्चों का बालक आश्रम, पोस्ट मैट्रिक बालक-कन्या छात्रावास और पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर संचालित हैं।
आरोप है कि सड़क के दोनों ओर शासकीय भूमि खसरा नंबर 19/2, 560, 559/1 व 561/4 उपलब्ध होने के बावजूद दूसरी दिशा में रसूखदारों व भू-माफिया को बचाने के लिए कोई मार्किंग नहीं की गई। इसके उलट छात्रावास की ओर 15 से 20 फीट भीतर मार्किंग कर बैकहो लोडर से गहरी खोदाई शुरू कर दी गई है, जिससे मासूम बच्चों की जान व छात्राओं की सुरक्षा-निजता खतरे में पड़ गई है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के व्यापार विहार में 10 करोड़ की आदिवासी जमीन का नियम विरुद्ध हस्तांतरण, मचा हड़कंप
आक्रोशित विद्यार्थियों की प्रशासन से प्रमुख मांगें
- खसरा नंबर 19/2, 560, 559/1 और 561/4 की जमीन का राजस्व अभिलेखों से विधिवत सीमांकन होने तक खोदाई व तोड़फोड़ पर तत्काल रोक लगे।
- राजस्व, लोक निर्माण व आदिवासी विकास विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष तकनीकी जांच करे।
- सड़क के दोनों ओर उपलब्ध शासकीय भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट किए बिना एकतरफा मार्किंग करने के कारणों की जांच हो।
- आश्रम के मासूम बच्चों और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी संरचनाओं को किसी भी हाल में क्षतिग्रस्त न किया जाए।
अधीक्षक की गुहार भी बेअसर, एक माह से दबाए बैठे हैं फाइल
छात्रावास की जमीन बचाने के लिए पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के अधीक्षक ने करीब एक महीने पहले, 26 अक्टूबर को ही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।
इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने फाइल दबाए रखी और कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे निर्माण एजेंसी के हौसले बुलंद हो गए और परिसर के भीतर बैकहो लोडर उतार दिया गया।