मल्हार के किसान को साइबर ठगों ने बनाया निशाना, पेटीएम और ऑनलाइन लिंक के जरिए की ठगी
मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में साइबर ठगों ने एक किसान के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) लोन की राशि पर हाथ साफ कर दिया है। किसान नरेंद्र कुमार घृतलहरे ने ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 14 Jun 2026 02:45:07 PM (IST)Updated Date: Sun, 14 Jun 2026 02:45:07 PM (IST)
HighLights
- किसान क्रेडिट कार्ड से लिए लोन की रकम जालसाजों ने उड़ाई।
- बैंक खाते से हुई धोखाधड़ी पर पुलिस ने दर्ज किया जुर्म।
- लोन की राशि का भुगतान करने के पहले ही ठगों ने किया सफाया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से लिए गए लोन की राशि में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने किसान के बैंक खाते से पेटीएम और अन्य लिंक के माध्यम से एक लाख 75 हजार निकाल लिए। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मल्हार में रहने वाले नरेन्द्र कुमार घृतलहरे (45) ने मल्हार चौकी में ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका महमंद स्थित में बचत खाता है। उन्होंने दो जून को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से तीन लाख रुपये का लोन लिया था। लोन की पूरी राशि उनके बचत खाते में जमा की गई थी। उसी दिन बैंक कर्मियों के कहने पर उन्होंने 10 हजार रुपये की आरडी भी खुलवाई थी।
इसके बाद 11 जून को उन्होंने स्वयं चेक के माध्यम से 70 हजार रुपये निकाले। बाद में एटीएम से मिनी स्टेटमेंट निकालने पर उन्हें खाते से कई बार में राशि निकाले जाने की जानकारी मिली। उन्होंने बैंक में जाकर पूछताछ की तब पता चला कि पांच जून से 11 जून के बीच अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम और आनलाइन लिंक के जरिए खाते से एक लाख 75 हजार 503 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। खाते में केवल 44 हजार 312 रुपये बचे थे।
किसान के कहने पर बैंक प्रबंधन ने उनका खाता होल्ड कर दिया। किसान ने इसकी शिकायत मल्हार चौकी में की है। इस पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों और ट्रांजेक्शन डिटेल के सहारे जालसाजों की तलाश की जा रही है।