
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। शहर में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार से हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने कार ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जा गिरा
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार कार वेयरहाउस रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही एक स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
घायल युवक की पहचान अभिषेक नगर, मंगला निवासी रुद्र प्रताप शर्मा (18) पिता मुकेश शर्मा के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उसे अपोलो अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई तेज रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। हादसे के तुरंत बाद चालक और कार में सवार अन्य लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
नाबालिग चला रहा था कार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि कार एक नाबालिग चला रहा था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए उसके साथ मौजूद अन्य लोग भी मौके से भाग निकले। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।