बिलासपुर के कोटा में दिनदहाड़े झपटमारी, किराना दुकान में ग्राहक बनकर आए बाइक सवार ने खींची सोने की माला
महिला ने बताया कि झपटकर ले जाई गई माला करीब छह मासा सोने की थी, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। पीड़िता की शिकायत पर कोटा थाना पुलिस ने अज्ञ ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 29 May 2026 10:48:20 AM (IST)Updated Date: Fri, 29 May 2026 10:48:20 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- लारीपारा छेरकाबांधा में महिला से लूट के बाद हड़कंप।
- गमछे से चेहरा बांधकर सिगरेट लेने पहुंचा था शातिर बदमाश।
- अज्ञात आरोपी पर बीएनएस की धारा 304 के तहत केस।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम लारीपारा छेरकाबांधा में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े झपटमारी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। एक बाइक सवार युवक किराना दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचा और मौका मिलते ही महिला दुकानदार के गले से सोने की माला झपटकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लारीपारा छेरकाबांधा निवासी राम प्यारी साहू गांव में किराना दुकान संचालित करती हैं। दुकान में वे रोजमर्रा की खाद्य सामग्री के साथ सब्जी भी बेचती हैं। बुधवार दोपहर करीब 2:10 बजे वह दुकान में बैठी थीं। इसी दौरान लगभग 30 से 35 वर्ष का एक युवक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। युवक ने अपने चेहरे को बंदन रंग के गमछे से ढंक रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने दुकान में पहुंचकर पहले सिगरेट और माचिस मांगी। महिला ने सामान देने के बाद युवक से पैसे लिए। आरोपी ने 10 रुपये दिए, जिस पर महिला दुकानदार ने चार रुपये वापस काउंटर में रखे। इसी दौरान युवक ने अचानक महिला के गले में पहनी सोने की माला पर झपट्टा मार दिया।
आरोपित ने जोर से माला खींची, जिससे माला का कुछ हिस्सा टूटकर महिला के गले में ही रह गया, जबकि बाकी हिस्सा लेकर आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने जोर-जोर से चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए भाग निकला।