नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: मेरी बेटी को एक लड़के ने मैसेज कर बुलाया। इसके करीब एक घंटे बाद किशोरी ने अपनी मां को मोबाइल पर काल कर बताया कि युवक उससे मारपीट कर रहा है। उसने रोते हुए बचाने की गुहार लगाई। इसे सुनकर मां अपनी बेटी की तलाश करने लगी।
रात करीब आठ बजे उसे पता चला कि बेटी को सिम्स में भर्ती कराया गया है। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस ने फोन कर बताया कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। अब मां अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए हत्यारे युवक की गिरफ्तार करने की मांग की है। इधर पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। सकरी क्षेत्र के घुरु में रहने वाली मीना डहरिया रोजी मजदूरी करती हैं।
महिला ने बताया कि उनकी 17 साल की बेटी आरुषी एक घर में बच्चों को संभालने के लिए जाती थी। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे वह काम पर चली गई। घर का काम निपटाने के बाद मीना भी अपने काम पर चली गई।
बुधवार की दोपहर करीब दो बजे आरुषी के मोबाइल पर मैसेज भेजकर मोहल्ले में रहने वाले दुर्गेश सूर्यवंशी ने बुलाया था। जान पहचान होने के कारण आरुषी उसके पास चली गई। इसके कुछ देर बाद आरुषी ने अपनी मां को मोबाइल पर काल किया। पहली बार मीना ने काल रिसीव नहीं किया।
यह भी पढ़ें- ट्रेनों में जगह की जंग खत्म कर कंफर्म बर्थ देने SECR की पहल, दो साल में बढ़ाए 858 कोच
काम से छूटने के बाद मीना ने अपनी बेटी को काल किया। तब आरुषी ने अपनी मां को बताया कि दुर्गेश उससे मारपीट कर रहा है। इस दौरान किशोरी रो रही थी। पूछने पर भी किशोरी ने अपना लोकेशन नहीं बताया। इसके बाद सब ठीक होने की बात सोचकर मीना अपने काम पर चली गई।
शाम करीब छह बजे दुर्गेश ने मीना के मोबाइल पर काल किया। उसने बताया कि आरुषी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तब मीना ने दुर्गेश को अपनी बेटी का इलाज कराने के लिए कहा। इसके कुछ देर बाद दुर्गेश ने फिर मीना को काल किया। उसने बताया कि आरुषी ने फांसी लगा ली थी। इसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसके कुछ ही देर बाद सिम्स चौकी से भी मीना को काल किया गया। तब उसे बताया गया कि आरुषी की मौत हो गई है। तब मीना अपने पति के साथ अस्पताल पहुंची। जहां आरुषी की मौत हो गई थी। इसकी सूचना पर सकरी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। पीएम रिपोर्ट और स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रात ढाई बजे मोबाइल को दरवाजे पर रखकर भागा संदेही
मीना ने बताया कि उसकी बेटी आरुषी अपने साथ मोबाइल रखती थी। उसी मोबाइल से उसकी बेटी ने दोपहर से लेकर शाम तक काल किया था। इसी मोबाइल से मीना ने दुर्गेश से भी बात की थी। बेटी की मौत के बाद दुर्गेश ने उसके मोबाइल को फार्मेट कर दिया। इसके बाद रात करीब ढाई बजे वह मोबाइल घर के दरवाजे के पास रखकर भाग गया।
शरीर और गले पर चोट के निशान
मीना ने बताया कि पुलिस से सूचना मिलने पर वह अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल में उसने मीना के शरीर पर कई जगह पर मारपीट के निशान देखे। साथ ही उसके गले में भी फंदे का निशान बना था। मीना ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या की गई है। उन्होंने संदेही को गिरफ्तार कर मामले की जांच की मांग की है।
रो रही थी बेटी, पर पता नहीं बताया
मीना ने बताया कि बुधवार की दोपहर उसकी बेटी ने मोबाइल पर काल किया था। तब उसने मारपीट की बात कही थी। इस दौरान वह बुरी तरह रो रही थी। बहुत पूछने पर भी उसने नहीं बताया कि वह कहां पर है। दुर्गेश और आरुषी के आपस में परिचय होने के कारण उसने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसके बाद रात में उसकी मौत की सूचना मिली।
वर्जन
नाबालिग की मौत की सूचना मिली है। स्वजन की मौजूदगी में पंचनामा के बाद शव का पीएम कराया गया है। साथ ही स्वजन का बयान दर्ज कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संजय शिंदे, थाना प्रभारी सकरी