बिलासपुर में रंजिश के चलते पड़ोसी ने तबाह की 70 डिसमिल धान की फसल, दर-दर भटक रहा पीड़ित बुजुर्ग
बिलासपुर के खम्हरिया गांव में पड़ोसी द्वारा खरपतवार नाशक डालकर 70 डिसमिल धान की फसल बर्बाद करने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग किसान मुआवजे के लिए भटक रहा है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 10:33:06 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 10:33:06 PM (IST)
कृषि कार्यालय और कलेक्टर जनदर्शन में चक्कर काट रहा पीड़ित।HighLights
- खम्हरिया गांव में स्प्रेयर से नष्ट की गई फसल।
- विरोध करने पर आरोपितों ने बुजुर्ग को दी धमकी।
- कृषि कार्यालय और कलेक्टर जनदर्शन में चक्कर काट रहा पीड़ित।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः खेत में मेहनत से बोई गई धान की फसल को पड़ोसी ने खरपतवार नाशक दवा छिड़ककर पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। फसल उजड़ने के बाद से तखतपुर तहसील के ग्राम खम्हरिया निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान गुमेंद्रराम सूर्यवंशी पिछले एक माह से कार्रवाई और मुआवजे की आस में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
आलम यह है कि अधिकारी मामले को एक से दूसरे विभाग में टाल रहे हैं और मंगलवार को उपसंचालक कृषि कार्यालय में पांच घंटे बैठने के बाद भी पीड़ित की सुनवाई नहीं हुई। ग्राम खम्हरिया पटवारी हल्का नंबर 24 स्थित खसरा नंबर 464/2 और 464/3 के कुल 0.283 हेक्टेयर यानी करीब 70 डिसमिल भूमि पर गुमेंद्रराम सूर्यवंशी खेती करते हैं।
आरोप है कि बीते 13 अक्टूबर को गांव के ही रामायण कौशिक ने अपने रिश्तेदार व तीन-चार साथियों के साथ मिलकर स्प्रेयर से उनके खेत में धान नाशक दवा का छिड़काव कर दिया, जिससे पूरी फसल सूखकर नष्ट हो गई। बाजू के खेत के मालिक नरेश कुमार ने किसान को इसकी जानकारी दी।
विरोध करने पर आरोपित ने बुजुर्ग को अकेला जानकर गाली-गलौज करते हुए चाकू मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मंगलवार 17 नवंबर को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर आरोपितों की गिरफ्तारी व फसल क्षतिपूर्ति की मांग की, जहां से मामला कृषि विभाग को भेजा गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में बाइक चालान का फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक, खाते से 96,786 रुपये पार
पुलिस का दावा, दोनों के बीच भूमि विवाद
तखतपुर थाना प्रभारी सतीष साहू ने बताया कि खम्हरिया निवासी गुमेंद्र सूर्यवंशी थाने पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान जब सामने वाले से बात हुई तो पता चला कि वे वहां नहीं रहते हैं। बातचीत में दोनों के बीच भूमि विवाद होने की बात पता चली है।
किसान ने यह भी बताया कि उन्होंने किसी को खेत में खरपतवार नाशक डालते नहीं देखा है। पीड़ित को दोबारा बयान के लिए थाने बुलाया गया है, पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन...
कोई किसान कार्यालय के सामने घंटों इंतजार में बैठा हुआ था, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। मैं सुबह से शाम चार बजे तक कार्यालय में था। एमआर तिग्गा, उप संचालक कृषि बिलासपुर