ट्रेनों में जगह की जंग खत्म कर कंफर्म बर्थ देने SECR की पहल, दो साल में बढ़ाए 858 कोच
पिछले दो वर्षों में 61 स्थायी और 797 अस्थायी समेत कुल 858 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं, जिनमें वर्तमान वित्तीय वर्ष में 15 नवंबर तक 341 कोच शामिल किए गए हैं।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 08:05:18 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 08:05:18 PM (IST)
बिलासपुर रेलवे स्टेशन फाइल फोटो।HighLights
- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दो साल में 858 कोच जोड़े।
- 61 स्थायी व 797 अस्थायी कोच से मिली कंफर्म बर्थ।
- वर्तमान वित्तीय वर्ष में 15 नवंबर तक 341 कोच जुड़े।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की बढ़ती संख्या और बदलती मांग को ध्यान में रखते हुए अपनी गाड़ियों में निरंतर अतिरिक्त कोच जोड़ रही है। कोच संवर्धन यानी किसी चल रही ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ना, एक ऐसा उपाय है जिससे नई ट्रेन चलाए बिना ही उसी ट्रेन में अधिक यात्रियों को सीट और बर्थ उपलब्ध कराई जा सकती है।
पिछले दो वर्षों में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अलग-अलग ट्रेनों 858 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं, जिनमें 61 स्थायी और 797 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए हैं। 22 कोच वाली किसी मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में लगभग 12 गैर-वातानुकूलित कोच सामान्य एवं स्लीपर श्रेणी के कोच तथा लगभग आठ वातानुकूलित कोच हो सकते हैं। शेष कोच लगेज, गार्ड एवं पावर कार के रूप में होते हैं।
प्रत्येक ट्रेनों की संरचना उस मार्ग पर यात्रियों की मांग, परिचालनिक व्यवहार्यता और यातायात की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग तय की जाती है और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाती है। मेमू और डेमू जैसी लोकल ट्रेनों में निर्धारित कोचों की इकाइयों के रूप में चलती हैं, जिनमें मांग बढ़ने पर अतिरिक्त कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई जाती है।
मांग के अनुसार कोच कैसे जोड़े जाते हैं
रेलवे प्रत्येक ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची, श्रेणीवार आरक्षण की स्थिति और यात्रियों की संख्या का निरंतर विश्लेषण करती है, जब किसी ट्रेन में लगातार प्रतीक्षा सूची बनी रहती है, तो उसी श्रेणी के कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई जाती है। कोच संवर्धन दो प्रकार से किया जाता है। अस्थायी संवर्धन में त्योहारों, छुट्टियों, परीक्षाओं या व्यस्त मौसम के दौरान किसी ट्रेनों की चुनिंदा तिथियों पर, जहां प्रतीक्षा सूची अधिक होती है, उन्हीं तिथियों के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं और मांग सामान्य होने पर ट्रेनें अपनी नियमित संरचना में लौट आती है।