
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि सात युवकों ने मिलकर 16 वर्षीय किशोर का अपहरण कर लिया। उसे अपने कब्जे में रखकर मारपीट भी की गई। स्वजन की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटे के भीतर किशोर को बरामद कर लिया। मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि कस्तूरबा नगर सिंधी कालोनी निवासी भुवन श्रीवास ने 18 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका 16 वर्षीय छोटा भाई कक्षा 11वीं में पढ़ता है। 17 नवंबर की शाम करीब 6.40 बजे वह घर से बिना बताए कहीं चला गया था।
स्वजन ने आसपास तलाश की तो पता चला कि शेख अजिमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ उसे लेकर गया है। इसके बाद स्वजन ने पुलिस से मदद मांगी। इस पर सिविल लाइन पुलिस ने टीम गठित कर संदेही अज्जू की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके सिंधी कालोनी के पास साथियों के साथ घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे और उसके साथियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर किशोर को ले जाने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर किशोर को कोनी स्थित एक मकान से बरामद किया गया। पुलिस ने सातों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में शेख अजिमुद्दीन उर्फ अज्जू (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित सिविल लाइन क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक मोबाइल वापस नहीं मिलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने किशोर को अपने साथ ले जाकर बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की। मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1563/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में शर्मनाक घटना: स्कूल के पीछे गांजा व सिगरेट पीते दिखे छात्र-छात्राएं, सात को थमाया टीसी का नोटिस