_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: न्यायधानी बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव प्लाजा स्थित एक प्रसिद्ध डोसा दुकान में तोड़फोड़ और चोरी की कोशिश करने के आरोपी युवक की तालिबानी अंदाज में लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है।
इस पूरी घटना का एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक असहाय युवक को पीटते नजर आ रहे हैं और आसपास खड़े लोग मूकदर्शक बने हुए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार की बताई जा रही है। दुकान में तोड़फोड़ व चोरी का प्रयास राजीव प्लाजा स्थित डोसा दुकान में विक्की मानिकपुरी नामक युवक ने कथित तौर पर घुसकर तोड़फोड़ की और चोरी करने की कोशिश की।
व्यापारी व गार्ड ने पकड़ा: दुकान में तोड़फोड़ की भनक लगते ही वहां मौजूद व्यापारी और सुरक्षा गार्डों ने विक्की मानिकपुरी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद शाहन चंद्रा ने तारबाहर थाने में युवक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की थी।
वीडियो में क्या है: घटना के दो दिन बाद, 27 अक्टूबर को इस पूरी मारपीट का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति युवक को लाठी-डंडों, लात और घूंसों से लगातार पीटता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि अन्य सुरक्षाकर्मी और लोग आसपास खड़े होकर तमाशा देख रहे हैं।
सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। 27 अक्टूबर को सामने आए वीडियो के आधार पर मारपीट की परिस्थितियों और उसमें शामिल व्यापारी, गार्ड तथा अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर मारपीट करने वालों पर भी वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।