
नईदुनिया प्रतिनिधि बिलासपुर।जरहाभाठा मिनी बस्ती में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।वजह यह है कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई तो हो रही है, लेकिन पतली धार होने की वजह से रहवासियों के मांग के अनुरूप पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में पानी के बंदोबस्त के लिए लोगों को जददोजहद करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम से पानी टैंकर सप्लाई की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी समस्या खत्म नहीं हो रही है। मालूम हो कि क्षेत्र में टुल्लू पंप से पानी खीचे जाने की मामले भी सामने आए है, इसकी वजह से जिन घरों में पंप का उपयोग नहीं किया जाता है, उन घरों में आने वाले पानी का फ्लो कम हो जाता है। वैसे भी अभी भीषण गर्मी चल रहा है, जिससे पानी की खपत भी बढ़ गई है, लेकिन पानी की कमी का सामना रहवासियों को झेलना पड़ रहा है।
मई की इस झुलसा देने वाली गर्मी में पानी की खपत सामान्य दिनों से दोगुनी हो गई है। ऐसे समय में पानी का प्रेशर न के बराबर होने से लोगों के बर्तनों का पेट नहीं भर पा रहा है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नल खुलने के निर्धारित समय में बमुश्किल एक या दो बाल्टी पानी ही जमा हो पाता है। ऐसे में दैनिक कार्यों के लिए पानी कहां से लाएं, यह एक बड़ा संकट बन गया है।
बस्ती में पानी के कम प्रेशर की एक बड़ी वजह टुल्लू पंपों का धड़ल्ले से हो रहा उपयोग भी बना है। रहवासियों के अनुसार पानी आते ही कुछ लोग सीधे मुख्य पाइपलाइन से टुल्लू पंप जोड़कर पानी खींच लेते हैं। इसका सीधा असर उन गरीब और सामान्य परिवारों पर पड़ रहा है जो पंप का उपयोग नहीं करते। पंप चलते ही बिना पंप वाले घरों के नलों का फ्लो पूरी तरह टूट जाता है और पानी की धार धागे जैसी पतली हो जाती है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में भाभी ने ननद और उसके बच्चों पर फेंका मिर्च पाउडर, बेलन से की मारपीट
अवैध पंपों पर हो सख्त कार्रवाई
गर्मी में पानी की समस्या पहले से ही थी, ऊपर से कुछ लोगों द्वारा टुल्लू पंप लगाने से स्थिति और बिगड़ गई है। निगम को चाहिए कि ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर पंप जब्त करे, ताकि सबको बराबर पानी मिल सके। लेकिन इस ओर नगर निगम कोई भी कदम नहीं उठा रहा है। ऐसे में बीते एक सप्ताह से पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के अन्य क्षेत्रों में भी हो रही है पानी की समस्या
गर्मी की वजह शहर का जलस्तर घटता जा रहा है, ऐसे में रोजाना किसी न किसी क्षेत्र में पानी की समस्या उठ रही है। वही नगर निगम की पानी सप्लाई व्यवस्था भी सही नहीं है।कभी पाइपलाइन फट जा रहा है तो वाल्व खराब हो जा रहा है। मोटर पंप जल जा रहे है। इसी तरह पावर कट की वजह से भी पानी की सप्लाई सही तरीके से नहीं हो पा रही है और शहरवासी परेशान हो रहे है।